बिहार में PM मोदी का पोस्टर फाड़ना पड़ा भारी, 3 युवक गिरफ्तार; 161 के खिलाफ FIR
नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री मोदी और अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
-1795355429451_m.webp)
नीतीश सेतु पर हंगामा करते युवक। फोटो जागरण
HighLights
नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने के मामले में तीन गिरफ्तार।
11 नामजद और 150 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज।
वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान जारी।
संवाद सूत्र, राघोपुर। नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने और अपशब्दों का प्रयोग करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी राघोपुर की ओर से 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह जानकारी रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
पीएम मोदी ने किया था नए पुल का लोकार्पण
गौरतलब है कि बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था।
कार्यक्रम के बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में राजद का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए। वहां उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाए।
इसी दौरान कुछ युवाओं ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान कुछ बच्चों द्वारा अपशब्दों का प्रयोग किए जाने की भी बात सामने आई।
मौके पर मौजूद युवाओं ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना लिया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।
घटना के वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद कुछ युवा उस पर रंगदारी वाला गाना लगाकर रील बना रहे हैं। वीडियो और रील को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर सभी आरोपितों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की मौजूदगी में कैसे हुई घटना? उठ रहे सवाल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले मार्ग पर सैकड़ों पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी।
इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से जाने के तुरंत बाद असामाजिक तत्वों द्वारा पोस्टर फाड़े जाने की घटना सामने आई।
दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे अचानक सेतु पर पहुंचे और लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाने लगे। इसी दौरान कुछ युवाओं ने वहां लगे पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़े गए, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस प्रसारित वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।