विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गया के बाद अब पटना में भी खुलेगा IIM का कैंपस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ₹450 करोड़ के प्रोजक्ट का किया शिलान्यास

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:14 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आईआईएम बोधगया के दूसरे चरण के कैंपस विस्तार और 1.5 मेगावाट सोलर पार्क की आधारशिला रखी।  

IIM बोधगया में आधारशिला रखते हुए प्रह्लाद जोशी। फोटो जागरण

IIM बोधगया में आधारशिला रखते हुए प्रह्लाद जोशी। फोटो जागरण

HighLights

  1. केंद्रीय मंत्री ने आईआईएम बोधगया कैंपस विस्तार की आधारशिला रखी।

  2. 450 करोड़ की लागत से बनेगा नया कैंपस और सोलर पार्क।

  3. बोधगया और बिहटा में बनेंगे आधुनिक शैक्षणिक व आवासीय भवन।

संवाद सूत्र, बोधगया। भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) बोधगया के विकास और विस्तार की दिशा में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद वेंकटेश जोशी ने संस्थान के दूसरे चरण के कैंपस विस्तार और 1.5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पार्क की आधारशिला रखी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके तहत बोधगया स्थित स्थायी कैंपस का विस्तार करने के साथ पटना के बिहटा में भी संस्थान का नया सैटेलाइट कैंपस विकसित किया जाएगा।

शिलान्यास समारोह में केंद्रीय मंत्री ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, निदेशक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

परियोजना के पूरा होने के बाद आईआईएम बोधगया को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय, खेल और स्वास्थ्य संबंधी बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।

बोधगया कैंपस में बनेंगे आधुनिक शैक्षणिक और आवासीय भवन

दूसरे चरण के तहत बोधगया परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया एकेडमिक ब्लॉक ''संघ'' बनाया जाएगा। इसमें अत्याधुनिक लेक्चर हाल होंगे।

वहीं, ''नमो निलय'' नाम से बहुमंजिला छात्रावास का निर्माण होगा, जिसमें विद्यार्थियों के रहने के लिए 2104 बेड की व्यवस्था होगी। इसके अतिरिक्त ''उत्कर्ष'' नाम से स्पोर्ट्स एवं वेलनेस जोन विकसित किया जाएगा।

इसमें विभिन्न खेलों के कोर्ट, आउटडोर फिटनेस एरिया, बैठने की सुविधा और वॉकिंग पाथ बनाए जाएंगे। इन सभी सुविधाओं के सुचारू संचालन के लिए अलग से सर्विसेज ब्लॉक का निर्माण भी होगा।

वहीं, पटना जिले के बिहटा में मुख्य कैंपस से करीब 136 किलोमीटर दूर नया सैटेलाइट कैंपस बनाया जाएगा। यहां ''सृजन'' नाम से एकेडमिक ब्लाक विकसित होगा, जिसकी गुंबदाकार वास्तुकला विशेष आकर्षण होगी।

30 विद्यार्थियों से 1600 तक पहुंचा संस्थान का सफर

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने आईआईएम बोधगया की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में महज 30 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ संस्थान आज लगभग 1600 विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है।

एक दशक से कुछ अधिक समय में संस्थान ने एनआईआरएफ 2025 की मैनेजमेंट रैंकिंग में 31वां स्थान हासिल किया है। वहीं, देश के आईआईएम संस्थानों में यह 16वें स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि महाबोधि मंदिर और बोधगया की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत इस क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाती है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर उच्चस्तरीय प्रबंधन शिक्षा का केंद्र विकसित होना गौरव की बात है।

उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में संस्थान की भूमिका की सराहना की।

साथ ही बताया कि 7000 से अधिक छोटे उद्यमियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल संस्थान के जमीनी स्तर पर आर्थिक विकास में योगदान को दर्शाती है।

नालंदा की ज्ञान परंपरा से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ रहा संस्थान

संस्थान की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय ने स्वागत संबोधन में आईआईएम बोधगया की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में एक युवा संस्थान के रूप में शुरू हुआ आईआईएम बोधगया आज प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहा है।

उन्होंने भारत सरकार और मगध विश्वविद्यालय के सहयोग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की ज्ञानभूमि और प्राचीन नालंदा की ऐतिहासिक विरासत से जुड़ाव संस्थान के लिए गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।

बदलते दौर में हुनर और सीखने की क्षमता जरूरी

रिलायंस रिटेल के सीईओ एवं संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य दामोदर मॉल ने कैंपस में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और डाइनिंग हॉल जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया।

केंद्रीय मंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण किया और भूमि पूजन किया। इसके पूर्व केंद्रीय मंत्री रविवार की सुबह गयाजी के पवित्र विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की और बोधगया में महाबोधि मंदिर में तथागत को नमन किया।

यह भी पढ़ें- Bihar News: अयोध्या-जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा चंपारणवासियों के लिए सौगात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।