विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: अयोध्या-जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा चंपारणवासियों के लिए सौगात

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:06 PM (IST)

Ayodhya Janakpur train : भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता जानकी की पावन स्थली जनकपुर अब सीधी रेल सेवा से जुड़ गई हैं। यह साप्ताहिक एक्सप्रेस नरकटियागंज होकर गुजरेगी।

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे व नरकटियागंज स्टेशन। जागरण

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे व नरकटियागंज स्टेशन। जागरण 

HighLights

  1. अयोध्या-जनकपुर सीधी रेल सेवा सोमवार से हुई शुरू।

  2. नरकटियागंज से होकर गुजरेगी, धार्मिक यात्रा होगी आसान।

  3. भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता जानकी की पावन स्थली जनकपुर अब सीधे रेलमार्ग से जुड़ने जा रही हैं। सोमवार से शुरू हो रही साप्ताहिक एक्सप्रेस सेवा चंपारण और सीतामढ़ी के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा को आसान बनाएगी।

खास बात यह है कि ट्रेन नरकटियागंज होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को अयोध्या से जनकपुर तक की यात्रा के लिए एक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। इस नई रेल सेवा को लेकर क्षेत्र में उत्साह है।

सोमवार रात नरकटियागंज पहुंचेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 04295 सोमवार को दोपहर 12:30 बजे अयोध्या से रवाना होगी और रात 9:30 बजे नरकटियागंज पहुंचेगी। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से ट्रेन का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद इस रेल सेवा से जनकपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

80 भाजपा कार्यकर्ता जाएंगे जनकपुर

केंद्रीय कोयला एवं खान राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बताया कि नरकटियागंज स्टेशन से करीब 80 भाजपा कार्यकर्ता इसी ट्रेन से जनकपुर के लिए रवाना होंगे। इनमें प्रदीप दुबे, तपन पाठक, हृदयानंद गिरी, नीतू देवी सहित मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

सभी जनकपुर पहुंचकर माता जानकी की पावन स्थली को नमन करेंगे। कार्यकर्ताओं के लिए आईआरसीटीसी की ओर से व्यवस्था की जा रही है। मंत्री ने बताया कि उन्हें नेपाल सरकार की ओर से जनकपुर आने का निमंत्रण मिला है।

राम मंदिर निर्माण के समय उठाई थी मांग

मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के समय उन्होंने अयोध्या और जनकपुर को नरकटियागंज के रास्ते रेलमार्ग से जोड़ने की मांग उठाई थी। अब यह सपना साकार हो रहा है। इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं को यात्रा में सहूलियत मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी मजबूती

अयोध्या और जनकपुर दोनों ही धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल हैं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों तीर्थस्थलों के बीच आवागमन आसान होगा। इससे भारत और नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

लोगों ने जताई खुशी

रेल सेवा शुरू होने पर नगर सभापति रीना देवी, रेणु देवी, जूही यास्मीन, अर्जुन सोनी, रंजू चौबे, रंजन ओझा और बल्लू तिवारी सहित कई लोगों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि इस सेवा से श्रद्धालुओं को अयोध्या और जनकपुर की यात्रा करने में काफी सुविधा होगी।

यह भी पढ़ें- Bihar News: रामायण से जुड़े दो बड़े तीर्थस्थलों को जोड़ेगी ट्रेन, 17 कोच के साथ अयोध्या से जनकपुर तक सफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।