विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में अब पायलटों और विमानन कर्मियों का होगा रैंडम ड्रग टेस्ट, सरकार ने लागू की नई SOP

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:21 PM (IST)

बिहार सरकार ने विमानन सुरक्षा बढ़ाने के लिए बिहार उड्डयन संस्थान में कार्यरत कर्मियों और प्रशिक्षु पायलटों के लिए नशीले पदार्थों की जांच अनिवार्य कर दी है। 

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।

एआई के माध्यम से जेनरेट की गई इमेज।

HighLights

  1. बिहार उड्डयन संस्थान में नशीले पदार्थों की जांच अनिवार्य।

  2. प्रत्येक वर्ष 10% कर्मियों, प्रशिक्षु पायलटों की रैंडम जांच।

  3. जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर होगी कड़ी कार्रवाई।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में विमानन सुरक्षा को लेकर सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। अब बिहार उड्डयन संस्थान में कार्यरत विमानन कर्मियों और प्रशिक्षु पायलटों की नशीले एवं मन को प्रभावित करने वाले पदार्थों (साइकोएक्टिव सब्सटेंस) के सेवन की जांच होगी।

इसके लिए विभाग ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू कर दी है। इसके तहत प्रत्येक वर्ष कम से कम 10 प्रतिशत कर्मियों और प्रशिक्षु पायलटों का चयन रैंडम तरीके से कर उनकी जांच कराई जाएगी।

वहीं, नए विमानन कर्मियों की तैनाती और नए प्रशिक्षु पायलटों के प्रवेश से पहले भी जांच अनिवार्य होगी। जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने पर कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्था तक्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एसपीओ लागू करने का उद्देश्य विमानन सुरक्षा सुनिश्चित करना और विमानन क्षेत्र में काम करने वाले कर्मियों की कार्यक्षमता तथा सतर्कता बनाए रखना है।

प्रयोगशाला में कराई जाएगी जांच

यह व्यवस्था नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई है। एसओपी के अनुसार सभी जांच एनएबीएल अथवा एनएबीएच से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से कराई जाएगी।

नमूना संग्रह बिहार उड्डयन संस्थान परिसर स्थित बीए टेस्ट रूम में होगा। इस दौरान विभाग के मेडिकल अफसर मौजूद रहेंगे और प्रयोगशाला का प्रशिक्षित कर्मचारी नमूना लेगा। जांच के लिए संबंधित व्यक्ति को शुल्क सीधे प्रयोगशाला में जमा करना होगा।

विभाग के अनुसार नियमित सरकारी कर्मियों को जांच शुल्क की राशि मूल रसीद देने पर जांच पर खर्च पैसा वापस हो जाएगा। हालांकि, प्रशिक्षु पायलटों, आउटसोर्स और संविदा कर्मियों को यह सुविधा नहीं मिलेगी। उन्हें जांच का खर्च खुद उठाना होगा।

जांच रिपोर्ट गोपनीय रखी जाएगी और संस्थान के मेडिकल अफसर की निगरानी में रहेगी। जांच में किसी का परिणाम पाजिटिव आने पर डीजीसीए के प्रविधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

सेफ्टी मैनेजर वार्षिक जांच, रैंडम चयन, प्रयोगशाला से समन्वय और रिपोर्ट के रखरखाव के लिए जिम्मेदार होंगे।

यह भी पढ़ें- बिहार के युवाओं का अब मजदूरी के लिए नहीं होगा पलायन, यहीं मिलेगा रोजगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।