विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कभी जूते और ईरानी वेशभूषा में पूजे जाते थे सूर्यदेव, कैसे धोती-जनेऊ तक पहुंचा सफर? छठ से जुड़ा है नाता

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में सूर्योपासना की परंपरा 2200 साल पुरानी है, जो छठ पर्व से भी जुड़ी है। प्राचीन प्रतिमाएं शुंग, कुषाण, ...और पढ़ें

पत्थरों में दर्ज है बिहार की पौराणिक सूर्योपासना की गौरवगाथा (AI Generated Image)

पत्थरों में दर्ज है बिहार की पौराणिक सूर्योपासना की गौरवगाथा (AI Generated Image)

HighLights

  1. बिहार में सूर्योपासना की परंपरा 2200 साल पुरानी है।

  2. शुंग, कुषाण, गुप्त, पाल काल की प्रतिमाएं कला दर्शाती हैं।

  3. सूर्य प्रतिमाओं में ईरानी से भारतीय वेशभूषा का बदलाव।

प्रभात रंजन, पटना। छठ के चार दिनों तक अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा बिहार की लोक आस्था का सबसे विशिष्ट स्वरूप है। इस आस्था की जड़ें केवल लोक जीवन तक सीमित नहीं हैं। बिहार की धरती पर सूर्योपासना की परंपरा लगभग 22 सौ वर्ष पुरानी है।

यहां सूर्य केवल प्रकाश और ऊर्जा के स्रोत नहीं, बल्कि आरोग्य, समृद्धि, कृषि, समय और जीवन के अधिष्ठाता देवता के रूप में पूजे जाते रहे हैं।

प्रदेश के मंदिरों, प्राचीन देवस्थानों और संग्रहालयों में संरक्षित सूर्य की प्रतिमाएं इस समृद्ध धार्मिक और कलात्मक विरासत की गवाही देती हैं। इन पत्थरों में शुंग, कुषाण, गुप्त, उत्तर गुप्त और पाल कालीन कला के साथ तत्कालीन समाज के धार्मिक विश्वासों और विदेशी सांस्कृतिक प्रभावों की कहानी भी दर्ज है।

वैदिक मंत्रों से प्रतिमा पूजन तक का सफर

सूर्योपासना का उल्लेख ऋग्वेद में मिलता है। सूर्य, सविता, मित्र और पूषा जैसे सौर देवताओं की स्तुति में वैदिक ऋषियों ने सूर्य को जगत को गति देने वाला, अंधकार दूर करने वाला और जीवन का आधार बताया। शुरुआती दौर में सूर्य की आराधना मंत्र, स्तुति, यज्ञ और अर्घ्य के माध्यम से होती थी।

समय के साथ यह परंपरा प्रतिमा और मंदिर आधारित उपासना में बदलती गई। गुप्त काल में सूर्य की स्वतंत्र देवता के रूप में प्रतिष्ठा और उनकी प्रतिमाओं के निर्माण को विशेष गति मिली।

बिहार में उपलब्ध प्राचीन प्रतिमाएं इस बदलाव की महत्वपूर्ण कड़ियां हैं। यहां प्रत्यक्ष रूप से अध्ययन योग्य मूर्तियों का बड़ा हिस्सा उत्तर-गुप्त, पाल और मध्यकालीन कला परंपराओं से जुड़ा है।

जूते, तलवार और ईरानी वेशभूषा में सूर्यदेव

सूर्य प्रतिमाओं का सबसे दिलचस्प पक्ष समय के साथ बदलता उनका स्वरूप है। इंटक बिहार के सह संयोजक और बुद्ध स्मृति पार्क के पूर्व संग्रहालयाध्यक्ष डा. शिव कुमार मिश्र ने अपनी पुस्तक 'बिहार की प्रमुख सूर्य प्रतिमाएं' में इनके इतिहास और शिल्पगत विशेषताओं का विस्तार से वर्णन किया है।

उनके अनुसार बिहार में सूर्य की स्वतंत्र प्रतिमाओं की पूजा के साक्ष्य लगभग 22 सौ वर्ष पुराने शुंगकाल तक जाते हैं। गया के तपोवन से प्राप्त खंडित सूर्य प्रतिमा को बिहार की अब तक ज्ञात सबसे पुरानी स्वतंत्र सूर्य प्रतिमाओं में माना जाता है।

कुषाण कालीन इस प्रतिमा में सूर्य ईरानी वेशभूषा में दिखाई देते हैं। उनके पैरों में जूते हैं और कमर के बाईं ओर तलवार लटकी है। दोनों ओर सहायक आकृतियां हैं। बाईं तरफ दंड और दाईं तरफ पिंगल की प्रतिमा है। पिंगल के हाथ में कलम और दवात का अंकन विशेष रूप से उल्लेखनीय है।

शुंगकाल से जुड़ी सूर्य प्रतिमा बोधगया के पुरातत्व संग्रहालय में संरक्षित है। स्तंभ पर उत्कीर्ण इस प्रतिमा में सूर्य के रथ को चार घोड़े खींचते दिखाई देते हैं।

वहीं, वैशाली के चेचर से प्राप्त गुप्त कालीन प्रतिमा उत्तर बिहार की सबसे पुरानी सूर्य प्रतिमा मानी जाती है। इसमें सूर्य धोती धारण किए हुए हैं। नारद संग्रहालय में संरक्षित रुद्र भास्कर की प्रतिमा में शिव और सूर्य का समन्वित स्वरूप देखने को मिलता है।

विदेशी प्रभाव से भारतीय परिधान तक बदली मूर्तिकला

सूर्य प्रतिमाओं के अध्ययन से तत्कालीन सांस्कृतिक संपर्कों की भी जानकारी मिलती है। शुरुआती प्रतिमाओं में ईरानी वेशभूषा, जूते और तलवार जैसे तत्व दिखाई देते हैं। इन प्रतिमाओं में जनेऊ का अभाव रहता है। ऊषा-प्रत्युषा, राज्ञी-निक्षुभा और अश्व सारथी का अंकन भी आरंभिक प्रतिमाओं में कम मिलता है।

बाद के दौर में सूर्य को भारतीय देव परंपरा के अनुरूप स्वरूप देने का प्रयास हुआ। गुप्तोत्तर काल में प्रतिमाओं में जनेऊ का अंकन शुरू हुआ। पाल काल में ईरानी परिधान की जगह धोती ने ले ली, जो आगे भी प्रचलित रही।

शुंग, कुषाण और गुप्त काल की प्रतिमाओं में सूर्य का वस्त्र घुटनों से ऊपर तक लुंगी की तरह दिखाया गया है। मध्यकाल में सूर्य की प्रतिमाओं में चतुर्भुज स्वरूप और रथ पर आरूढ़ मुद्रा का प्रचलन बढ़ा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की 1935-36 की वार्षिक रिपोर्ट में भी सूर्य के अंकन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलते हैं।

इसमें सिक्कों के अलावा मृण्मूर्तियों, मुहरों और ताबीजों पर सूर्य के अंकन का उल्लेख है। शुंग काल से मध्यकाल तक प्रस्तर प्रतिमाओं की बहुलता इस बात का प्रमाण है कि सूर्य की आराधना केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं थी, बल्कि तत्कालीन कला और शिल्प परंपरा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा थी।

मंदिरों में आज भी जीवंत है प्राचीन विरासत

बिहार के विभिन्न जिलों के मंदिरों और संग्रहालयों में सूर्य की प्रतिमाएं आज भी संरक्षित हैं। पटना जिले के उलार सूर्य मंदिर में पाल कालीन प्रतिमाएं स्थापित हैं। यहां सूर्य स्थानक मुद्रा में खड़े हैं। प्रतिमा में किरीट-मुकुट, कुंडल, हार, जनेऊ, माला और धोती का सुंदर अंकन है।

पादपीठ पर अश्व, सारथी अरुण और दंड-पिंगल की आकृतियां भी हैं। प्रतिमा का दायां हाथ भग्न है, जिसमें कमल रहा होगा। मंदिर परिसर में विष्णु और उमा-महेश्वर की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। भोजपुर जिले के देव बरुणार्क के मुख्य मंदिर में पाल कालीन सूर्य प्रतिमा विशेष महत्व रखती है।

इसमें जनेऊ, हार, तलवार, दंडी और पिंगल का अंकन है। हालांकि सारथी अरुण और ऊषा-प्रत्युषा की आकृतियां इसमें नहीं दिखाई देती हैं। नालंदा जिले के प्रसिद्ध बड़गांव सूर्य मंदिर में स्थापित पाल कालीन प्रतिमा अपनी कलात्मक विशेषताओं के लिए उल्लेखनीय है।

इसमें सात घोड़ों वाले रथ को सारथी अरुण संचालित कर रहे हैं। उनके दोनों ओर एक-एक व्यक्ति बैठा है। सूर्य के किरीट-मुकुट के दोनों तरफ दो-दो आकृतियां कमलासन पर विराजमान हैं। ऊषा-प्रत्युषा का अंकन दंड और पिंगल के ऊपर किया गया है।

संग्रहालयों में भी सुरक्षित हैं सूर्य के विविध स्वरूप

प्रदेश के प्रमुख संग्रहालयों के अलावा बिहार संग्रहालय में संरक्षित मध्यकालीन सूर्य प्रतिमा मूर्तिकला के विकसित स्वरूप को सामने लाती है। इसमें चतुर्भुज सूर्य रथ पर विराजमान हैं। रथ में एक पहिया और सात अश्व हैं, जिन्हें सारथी अरुण संचालित कर रहे हैं।

सूर्य के ऊपर के दोनों हाथों में कमल हैं, जो लंबे डंठलों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हैं। इन प्रतिमाओं का महत्व केवल उनकी धार्मिक प्रतिष्ठा तक सीमित नहीं है। ये बिहार के प्राचीन इतिहास, कला, सामाजिक जीवन और विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद के महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं।

छठ में जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा और मंदिरों में पत्थरों पर उकेरे गए भास्कर के विविध स्वरूप एक ही आस्था के दो रूप हैं। एक लोक जीवन में पीढ़ियों से प्रवाहित है तो दूसरा पत्थरों में सदियों से सुरक्षित। यही बिहार की सूर्योपासना को विशिष्ट बनाता है।

यह भी पढ़ें- छठ की टोकरी में कश्मीर का सेब, नागपुर का संतरा और दक्षिण का नारियल; महंगाई भी बढ़ाएगी खर्च

यह भी पढ़ें- नहाय-खाय से पहले कद्दू के बढ़े भाव, धनबाद में चना दाल 110 और अरवा चावल 50 रुपये तक बिका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।