विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ की टोकरी में कश्मीर का सेब, नागपुर का संतरा और दक्षिण का नारियल; महंगाई भी बढ़ाएगी खर्च

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:51 PM (IST)

छठ पूजा के लिए पटना के फल बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां देश-विदेश के फल पहुंच रहे हैं। ...और पढ़ें

छठ पूजा पर पटना के बाजारों में फलों की बहार

छठ पूजा पर पटना के बाजारों में फलों की बहार

HighLights

  1. छठ पूजा के लिए पटना के फल बाजार तैयार।

  2. फलों की कीमतों में 20-30% वृद्धि का अनुमान।

  3. कश्मीर से सेब, नागपुर से संतरे की आवक।

जागरण संवाददाता, पटना। छठ की डलिया सजाने की तैयारी शुरू हो गई है। किसी के घर में सूप और दउरा की व्यवस्था हो रही है तो किसी ने फल खरीदने की सूची तैयार कर ली है। महापर्व की आस्था ऐसी है कि डलिया में एक-दो नहीं, कई तरह के फल शामिल किए जाते हैं।

इसी के साथ राजधानी की फल मंडियों में भी रौनक बढ़ने लगी है। बाजार समिति में देश के अलग-अलग हिस्सों से फल पहुंच रहे हैं। कश्मीर के सेब, नागपुर के संतरे, नासिक के अनार और आंध्र प्रदेश के केले से बाजार सजने लगा है।

बिहार के स्थानीय इलाकों से ईख, सूथनी, शकरकंद और डाभ नींबू भी पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस बार छठ की खरीदारी पिछले वर्ष की तुलना में जेब पर अधिक भारी पड़ सकती है।

पटना फ्रूट वेजिटेबल एसोसिएशन, बिहार के सचिव राजेश कुमार के अनुसार, इस बार छठ पर फलों का कारोबार करीब 150 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले वर्ष की तुलना में फलों की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका प्रमुख कारण उत्पादन में कमी है।

छठ में सबसे अधिक मांग केला, सेब और नारियल की रहती है। इनके अलावा संतरा, अनार, शरीफा, अनानास और बड़े नींबू की भी खूब खरीदारी होती है।

देश के अलग-अलग हिस्सों से आ रहे फल

छठ के बाजार में इस बार देशी के साथ विदेशी फलों की भी अच्छी मांग है। कश्मीर से सेब, पंजाब के अमृतसर से नाशपाती, महाराष्ट्र के नासिक से अनार और नागपुर से संतरा पहुंच रहा है।

आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हाजीपुर और नवगछिया से केला आ रहा है। सिलीगुड़ी से अनानास और दक्षिण भारत से भी फलों की खेप पहुंच रही है।

विदेशी फलों में चीन की नाशपाती, न्यूजीलैंड का किवी और सेब, ब्राजील व अफगानिस्तान के लाल अंगूर, दक्षिण अफ्रीका के बाबूगोशा और एवोकाडो, मिस्र का माल्टा तथा थाईलैंड का अमरूद शामिल है।

बाजार समिति के कारोबारी शशिभूषण प्रसाद के मुताबिक, विदेशी फल स्थानीय फलों की तुलना में महंगे होते हैं, लेकिन स्वाद और गुणवत्ता के कारण इनकी मांग बनी रहती है। छठ के दौरान इनकी बिक्री भी बढ़ जाती है।

बिहार के गांवों से पहुंच रहे पारंपरिक फल

बाहर से आने वाले फलों के साथ स्थानीय उपज की भी मंडियों में अच्छी आवक हो रही है। बिहटा, आरा, मोतिहारी और वैशाली से ईख पहुंच रही है। वहीं, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर और पटना के दियारा क्षेत्रों से सूथनी, शकरकंद, डाभ नींबू और सिंघाड़ा आ रहे हैं।

मंडी से खुदरा बाजार तक बढ़ जाते हैं दाम

थोक मंडी से मोहल्लों की दुकानों तक पहुंचते-पहुंचते फलों की कीमतों में अंतर आ जाता है। ढुलाई और खुदरा कारोबारियों का मार्जिन जुड़ने से उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ती है। बाजार समिति-मुसल्लहपुर, मीठापुर कृषि फार्म मंडी और राजाबाजार फलों के प्रमुख कारोबार केंद्र हैं।

इसके अलावा इनकम टैक्स चौराहा, कदमकुआं, बोरिंग रोड और गर्दनीबाग में भी फल बाजार सजने लगे हैं। छठ नजदीक आने के साथ खरीदारी में और तेजी आने की उम्मीद है।

छठ के फलों के थोक और खुदरा भाव

फल थोक भाव खुदरा भाव
केला. 600-800. 600-1200 प्रति घौंद
किवी ₹180-220 ₹250-300/किलो
अनार ₹100-200 ₹140-170/किलो
सूथनी. 90-120. 150-200 प्रति किलो
सेब ₹100-150 ₹130-170/किलो
नाशपाती। 80-120 90-120/किलो
नारियल ₹40-55 ₹50-70/पीस
संतरा ₹40-60 ₹100-130/किलो
शरीफा ₹45-65 ₹80-110/किलो
अनानास ₹50-75 ₹60-80/पीस
सिंघाड़ा ₹35-45 ₹55-75/किलो
शकरकंद ₹30-40 ₹50-70/किलो
ईख ₹22-28 ₹35-55/पीस
डाभ नींबू ₹60-70 ₹70- 80/पीस

1982 से केला व्यवसाय से जुड़ा हैं। आध्रप्रदेश प्रदेश से बहुत केला आया है। यहां छह सौ रुपये से 12 सौ रुपये तक प्रति घवत केला उपलब्ध है। जितना पूंजी लगाया है , वह निकलने की संभावना बहुत कम है। बाजार में बहुत मंदी है। - भगवान सिंह, केला व्यापारी, बाजार समिति, पटना

यह भी पढ़ें- गुड़ की खीर बनाते समय फट जाता है दूध? बस न करें ये एक गलती, नोट करें खरना प्रसाद की एकदम परफेक्ट रेसिपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।