नहाय-खाय से पहले कद्दू के बढ़े भाव, धनबाद में चना दाल 110 और अरवा चावल 50 रुपये तक बिका
Chhath Puja 2026: धनबाद में नहाय-खाय से पहले कद्दू 60-80 रुपये प्रति किलो बिका, जो सामान्य से दोगुना है।
-1794492058316_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
कद्दू 60-80 रुपये प्रति किलो बिका, सामान्य से दोगुना।
बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, आपूर्ति घटी, मांग बढ़ी।
नहाय-खाय के लिए अरवा चावल, चने की दाल भी महंगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ के एक दिन पहले बाजारों में कद्दू 60 से 80 रुपए प्रति किलो के भाव पर बिका।
इसके साथ ही भक्तों ने चने की दाल 110 प्रति किलो और अरवा चावल 40 से 50 प्रति किलो की दर पर खरीदारी की है। बताया जा रहा है कि सामान्य दिनों में 30 से 40 प्रति किलो बिकने वाला कद्दू के भाव गुरुवार को ऊंचाइयों पर रहा।
हीरापुर के सुखदेव राम के अनुसार, इस साल बेमौसम बारिश की वजह से कद्दू की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे मंडियों में इसकी आवक सामान्य से कम हुई है।
मांग अधिक होने और आपूर्ति घटने के कारण कीमतों में यह तेजी आई है। पुलिस लाइन के रमेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को कद्दू के दामों में और इजाफा होने की संभावना है।
वहीं व्रती महिलाएं कद्दू और दाल के साथ-साथ सेंधा (पहाड़ी) नमक की भी जमकर खरीदारी कर रही हैं।
खरीदारी करने पहुंचीं कल्पना देवी ने बताया कि नहाय-खाय पर पीतल के बर्तनों में शुद्ध अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सब्जी बनाकर भगवान भास्कर को भोग लगाने की परंपरा है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जा रहा है।