दो पीढ़ियों से छठ पर बांका से झाझा आकर सूप-दउरा बुन रहा यह परिवार, इसी से चलती है साल भर की रोजी-रोटी
झाझा में छठ पूजा के लिए सूप और दउरा बनाने का महेश मांझी का परिवार दो पीढ़ियों से इस परंपरा को निभा रहा है।
-1794488660873_m.webp)
सूप और दऊरा बेचते लोग। (जागरण)
HighLights
महेश मांझी का परिवार दो पीढ़ियों से सूप-दउरा बना रहा है।
झाझा में छठ पूजा के लिए विशेष रूप से तैयार होते हैं।
यह पारंपरिक हुनर परिवार की रोजी-रोटी का सहारा है।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। झाझा के घाटों पर जब छठी मईया की आराधना शुरू होती है तो नगर क्षेत्र के बाजारों में सूप और दउरा की बढ़ती मांग से रौनक आने लगती है।
इनसे सिर्फ छठ घाट का प्रसाद नही सजता, बल्कि कई परिवारों की उम्मीदें और रोजी रोटी भी जुड़ी होती है। नगर क्षेत्र के डाकघर के समीप बांका जिले के भरको गांव से आया महेश मांझी का परिवार दो पीढ़ियों से अपने हुनर के सहारे झाझा की छठ परंपरा से जुड़ा है।
यहां बास की टाटी और पालिथीन से बनी अस्थायी झोपड़ी में दिन-रात सूप और दउरा तैयार किए जा रहे हैं।
दो पीढ़ियों से झाझा से जुड़ा है नाता
महेश मांझी बताते हैं कि उनके पिता स्व. विक्रम मांझी भी छठ के अवसर पर झाझा आकर सूप और दउरा बनाते थे और बेचते थे।
अब वही परंपरा को वह अपनी पत्नी सुनीता और पुत्री सोनी कुमारी के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। पूरा परिवार नवरात्र के समय ही झाझा आ जाता है और छठ पर्व संपन्न होने के बाद अपने गांव लौटता है।
स्थानीय बांस से आकार लेता है हुनर
सूप और दउरा बनाने के लिए परिवार के सदस्य झाझा के ही नारगंजो से बांस खरीदते हैं। इसके बाद उसे छीलने चीरने और आकार देने का काम शुरू होता है। महिला और पुरुष सभी सदस्य मिलकर दिन-रात मेहनत करते हैं।
बांस की पतली-पतली पट्टियों को कुशलता से बुनकर सूप और दउरा तैयार किए जाते हैं। उनके बनाए उत्पाद मजबूत और टिकाऊ होते हैं। यही वजह है कि स्थानीय बाजारों में इनकी अच्छी मांग रहती है।
महेश बताते हैं कि झाझा के अलावा सिमुलतला, सोनो, बटिया सहित विभिन्न इलाकों के कारोबारी भी यहां से थोक भाव में सूप और दउरा खरीद कर ले जाते हैं।
छठ के दौरान बिक्री बढ़ने से परिवार को अच्छी आमदनी हो जाती है। इसी कमाई के सहारे वे साल भर के खर्च और जरूरत की व्यवस्था करते हैं। उनके लिए झाझा सिर्फ बिक्री का बाजार नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा पहचान और परिवार के भरण पोषण का मजबूत सहारा है।