बिहार में भूमिहीन परिवारों को मिलेगी आवासीय जमीन, विकास मित्र भरवाएंगे फॉर्म; पोर्टल पर होंगे अपलोड
अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होगी, जिसमें विकास मित्र आवेदन भरने में मदद करेंगे।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि देने की प्रक्रिया तेज होगी।
विकास मित्र पात्र परिवारों के आवेदन भरने में मदद करेंगे।
आवेदन बिहारभूमि पोर्टल पर तय समय में अपलोड होंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज होगी। इसके लिए अब विकास मित्रों की मदद से पात्र परिवारों के आवेदन निर्धारित प्रारूप में भरवाए जाएंगे।
आवेदन तय समय-सीमा के भीतर बिहारभूमि पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक में सभी अंचल अधिकारियों को यह निर्देश दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सभी अपर समाहर्ताओं, भूमि सुधार उप समाहर्ताओं और अंचल अधिकारियों के साथ अभियान बसेरा, जमाबंदी सुधार अभियान समेत विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई।
मंत्री ने अभियान बसेरा को प्राथमिकता देते हुए पात्र भूमिहीन परिवारों के मामलों में देरी नहीं करने को कहा। विकास मित्रों को आवेदन भरने की जिम्मेदारी देने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों की पहचान और आवेदन प्रक्रिया को गति देना है।
लंबित मामलों का जल्द हो निपटारा
बैठक में लंबित न्यायालयीन मामलों और राजस्व कर्मचारियों के स्थापना संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने का निर्देश दिया गया।
आपत्तियों की सुनवाई कर मामलों को लंबित नहीं रखने को भी कहा गया। साथ ही स्कैनिंग से छूटे भूमि अभिलेखों और दस्तावेजों को स्कैन कर संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
विभागीय सचिव जय सिंह ने लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर दिया। सचिव सीमा त्रिपाठी ने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यालयों का निरीक्षण करने को कहा, ताकि कामकाज की निगरानी और राजस्व सेवाओं में तेजी सुनिश्चित हो सके।
