Bihar News: बिहार में पहली बार होने जा रहा बड़ा काम, 4-15 मई तक की तारीख सभी युवाओं के लिए बेहद खास
बिहार में पहली बार आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की तैयारियां जोरों पर हैं। 4 से 15 मई तक होने वाले इस खेल आयोजन के लिए एथलेटिक्स और सेपक टाकरा स्पर्धाओं के ट्रायल संपन्न हो गए हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया। चयनित खिलाड़ियों को खेलो इंडिया के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में पहली बार चार से 15 मई तक आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की एथलेटिक्स और सेपक टाकरा स्पर्धा के लिए पाटलिपुत्र खेल परिसर के इनडोर एवं आउटडोर में ट्रायल संपन्न हुआ।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि एथलेटिक्स की 18 स्पर्धाओं के लिए राज्य के 12 जिलों से 61 बालिकाओं सहित कुल 230 खिलाड़ी आए।
सेपक टाकरा के लिए 137 बालिकाओं सहित कुल 270 खिलाड़ियों ने ट्रायल में हिस्सा लिया। पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल सेपक टाकरा के ट्रायल में 20 बालक और 20 बालिकाओं का चयन उनकी प्रतिभा, क्षमता और प्रदर्शन के आधार पर कर उन्हें खेलो इंडिया के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
एथलेटिक्स के लिए चयनित खिलाड़ियों का राजगीर खेल परिसर में 11 अप्रैल से शिविर लगेगा। शंकरण ने बताया कि इस बार यूथ गेम्स में खेलों की संख्या 28 हो गई है, जिनमें से 25 प्रतियोगिताएं बिहार के पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर तथा बेगूसराय में आयोजित होंगी। शूटिंग, ट्रैक साइकिलिंग और जिमनास्टिक का आयोजन दिल्ली में होगा।
खेलो इंडिया के लिए मंझौल के दो खिलाड़ियों का चयन
आगामी चार से 25 मई तक राजधानी पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कांप्लैक्स में आयोजित होने वाले देश भर के खिलाड़ियों के लिए खेलो इंडिया अंडर- 18 वालीबाल टूर्नामेंट के लिए मंझौल के दो खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
दोनों चयनित खिलाड़ियों में एक पुवारी टोला मंझौल निवासी पूर्व उप मुखिया सुशील कुमार के पुत्र गोविंद कुमार एवं दूसरा थुंब टोला निवासी होमगार्ड राजीव कुमार के पुत्र प्रिंस कुमार हैं।
गोविंद ने 43वें सब जूनियर राष्ट्रीय वालीबाल 2021, 48वीं जूनियर राष्ट्रीय वालीबाल 2022, 66वें नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-19 वर्ष 2022-23 में भी भाग लिया है।
मंझौल के दो लाल के चयन से मंझौल वासियों में खुशी देखी जा रही है। वालीबाल के राष्ट्रीय कोच दिवाकर भारती, जिला वालीबाल संघ के सचिव राकेश कुमार, जन लेखक महेश भारती, मुखिया सह मुखिया संघ के प्रदेश सचिव रमेश सिंह, आदि ने दोनों खिलाड़ी को शुभकामनाएं दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।