Lalan Singh: 'जब केजरीवाल अन्ना के नहीं हुए तो किसके होंगे', दिल्ली के पूर्व CM पर बरसे ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि केजरीवाल को नैतिकता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। केजरीवाल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रकरण के आधार पर भाजपा के साथ अपने संबंधों पर फिर से विचार करने का आग्रह किया था।

राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय मंत्री एवं जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह (Lalan Singh) ने कहा है कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नैतिकता पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। केजरीवाल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रकरण के आधार पर भाजपा के साथ अपने संबंधों पर फिर से विचार करने का आग्रह किया था।
ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक जीवन पूरी तरह बेदाग रहा है, जबकि केजरीवाल भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा चुके हैं। भ्रष्टाचार के विरोध में हुए आंदोलन से ही केजरीवाल की राजनीति शुरू हुई थी। अन्ना हजार के नेतृत्व वाले आंदोलन में केजरीवाल सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ ही शामिल हुए थे।
'केजरीवाल अन्ना के नहीं हुए तो किसी के नहीं हो सकते'
ललन सिंह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए। उन्होंने कहा- केजरीवाल जब अन्ना के नहीं हुए तो किसी के नहीं हो सकते हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों के दम पर ही अरविंद केजरीवाल की सरकार बनती है, मगर कोरोना के समय दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल के लोगों को नोएडा पहुंचाकर छोड़ दिया था। उस समय नीतीश कुमार ने 25 लाख लोगों को महीनाें भोजन उपलब्ध कराया। उन्हें अपने साधनाें से घर पहुंचाया।
केजरीवाल ने नीतीश कुमार को लिखी थी चिट्ठी, संजय झा ने किया पलटवार
गत दिवस दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आंबेडकर प्रकरण को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चिट्ठी लिखी थी और उनके विचार मांगे थे। इस पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पलटवार किया और केजरीवाल को रिप्लाई लेटर लिखा।
'मैं आपकी पीड़ा समझ सकता हूं'
संजय झा ने कहा कि उस दिन संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कांग्रेस की कलई खोल रहे थे, इसलिए आपको दिक्कत हुई। संजय झा ने कहा, मैं आपकी असली पीड़ा समझ सकता हूं। उन्होंने केजरीवाल से कहा कि आपको भी जब कभी मौका मिला तो दलितों को उनकी हिस्सेदारी से दूर रखा।
संजय झा ने यह भी कहा कि गृह मंत्री शाह ने उस दिन इतिहास के वो पन्ने पलटे, जो आप और आपके गठबंधन के नेता राहुल गांधी देखना नहीं चाहते हैं। उन्होंने यह भी कह दिया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाबा साहेब के पदचिह्नों पर चलते हुए दलितों-पिछड़ों के लिए जो किया है, आप और आपके गठबंधन के नेता राहुल गांधी उसे करने की कल्पना भी नहीं कर सकते।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।