पीला कुर्ता, झुकी नजरें और छलकते आंसू… अनंत सिंह के दामाद हल्दी के समय हुए इमोशनल
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज है। दूल्हे ऋषिकेश कुमार हल्दी समारोह के दौरान भावुक हो गए, जिससे पारंपरिक रस्मों से उनका गहरा जुड़ाव दिखा।
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज।
दूल्हे ऋषिकेश कुमार हल्दी समारोह में हुए भावुक।
अमेरिका में रहने के बावजूद पारंपरिक रस्मों से जुड़ाव दिखा।
संवाद सहयोगी, बाढ़। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी आज है। बिहटा के कृष्णानगर से सैन्य अधिकारी रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार दूल्हा बनकर नदवां पहुंचेंगे।
शादी को लेकर पूरे इलाके में उत्साह है। इस बीच अनंत सिंह के होने वाले दामाद ऋषिकेश का एक वीडियो चर्चा में है। इसमें वह हल्दी की रस्म के दौरान भावुक नजर आ रहे हैं।
यह वीडियो सोमवार को बिहटा के कृष्णानगर में आयोजित हल्दी समारोह का बताया जा रहा है। हल्दी चढ़ाने की रस्म के दौरान ऋषिकेश अचानक भावुक हो गए।
अमेरिका में करीब 12 वर्षों से रहने के बावजूद अपनी पारंपरिक रस्मों से उनका जुड़ाव इस वीडियो में साफ दिखाई देता है।
हल्दी की रस्म में छलक पड़े आंसू
शादी से पहले होने वाली हल्दी की रस्म हर परिवार के लिए भावनात्मक पल लेकर आती है। ऋषिकेश भी इस रस्म के दौरान अपनी भावनाएं नहीं रोक सके।
पीले कुर्ते में बैठे दूल्हे की आंखों से आंसू बहने लगे। एक हाथ से वे अपना आंसू पोछते रहे। पास मौजूद व्यक्ति ने उन्हें संभालने और आंसू पोंछने की कोशिश की। पूरे रस्म के दौरान उन्होंने नजरें नहीं उठाईं।
आज नदवां पहुंचेंगे दूल्हे राजा, शादी की भव्य तैयारी
कई दिनों से चर्चा में बनी शिवांगी और ऋषिकेश की शादी का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। बिहटा के कृष्णानगर से ऋषिकेश बरात लेकर नदवां पहुंचेंगे।
शादी के लिए गांव में भव्य इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। दोपहर बाद बहुचर्चित घुड़दौड़ का आयोजन भी होना है।
सोमवार रात ऋषिकेश के घर हल्दी और मंगलवार रात नदवां में शिवांगी की मेहंदी की रस्म धूमधाम से हुई। अब सभी की नजरें बरात के स्वागत और विवाह की रस्मों पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- बेटी की मेहंदी में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने लूटी महफिल, कभी काजोल तो कभी माधुरी के गाने पर दिखाए डांस मूव्स
यह भी पढ़ें- 'अब विधायक जी का डायलॉग हम मारते हैं, चांद उतार दें', अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का वीडियो वायरल