अनंत सिंह का रौब समधन के सामने नहीं चला, काले चश्मे पर कर दिया मजेदार कमेंट; वीडियो वायरल
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच उनकी समधन का एक वीडियो वायरल हो ...और पढ़ें

अनंत सिंंह के चश्मे पर समधन का कमेंट। फाइल
HighLights
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की चर्चा।
समधन ने अनंत सिंह के काले चश्मे पर की टिप्पणी।
वीडियो में समधन की मजाकिया टिप्पणी हुई वायरल।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह की एक समधन का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वीडियो में समधन ने उनके काले चश्मे पर ऐसी चुटकी ली कि वहां मौजूद लोग हंसी नहीं रोक पाए। बात जब समधी और समधन की हो तो रिश्ते में हंसी-मजाक की गुंजाइश भी खूब रहती है।
आमतौर पर अनंत सिंह के सामने लोग संभलकर बोलते हैं, लेकिन समधन के सामने उनका रौब भी काम नहीं आया। उन्होंने बेझिझक उनके लुक पर मजाकिया टिप्पणी कर दी।
वायरल वीडियो में समधन कहती सुनाई देती हैं, 'अनंत सिंह का यही है न जी, गोरे-गोरे मुखड़े पे काला-काला चश्मा।' इतना कहते ही वह खिलखिलाकर हंस पड़ती हैं।
इसके बाद वह अनंत सिंह की चर्चित छवि पर भी मजाकिया अंदाज में टिप्पणी करती हैं। उनका कहना है कि दूसरे लोग उनसे डरेंगे, लेकिन समधन क्यों डरेगी। वह यह भी बताती हैं कि 20 नवंबर को तिलक समारोह में उनसे मिलेंगी।
सभी को दिया बेटी की शादी का खुला निमंत्रण
इधर, शनिवार को अनंत सिंह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर छठ का प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने बेटी की शादी के लिए सभी को आमंत्रित किया।
बाहर निकलने पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "25 तारीख को बेटी की शादी है, सभी आमंत्रित हैं। कार्ड की कोई जरूरत नहीं है। कोई भाई लोग छूट गया हो तो माफ करें, लेकिन सब लोग आइएगा।"
25 नवंबर को है शिवांगी की शादी
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होनी है।
शादी को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। मेहमानों के भोजन से लेकर घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की व्यवस्था की जा रही है।
शादी के निमंत्रण को लेकर भी अनंत सिंह चर्चा में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं को शादी का कार्ड भेजा है। हालांकि, व्यक्तिगत रूप से कार्ड देने के लिए वह बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के आवास पहुंचे थे।