अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी से पहले ससुराल में नए घर का हुआ गृह प्रवेश, सास ने कह दी दिल छू लेने वाली बात
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को शादी है। शादी से पहले पटना के बिहटा स्थित ससुराल में उनके नए घर का गृह प्रवेश संपन्न हुआ।

शिवांगी सिंह के ससुराल में हुआ गृह प्रवेश। (जागरण)
HighLights
शिवांगी की शादी 25 नवंबर को, ससुराल में नए घर का गृह प्रवेश।
बिहटा स्थित नवनिर्मित आवास में नववधू शिवांगी का स्वागत किया जाएगा।
अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में भव्य शादी की तैयारियां जोरों पर।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी आगामी 25 नवंबर को विवाह बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी की रस्मों से पहले पटना के बिहटा स्थित उनके ससुराल में नवनिर्मित आवास का विधिवत गृह प्रवेश संपन्न हो गया है।
दूल्हे के माता-पिता ने वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन के साथ नए घर में प्रवेश किया। विवाह के उपरांत नववधू शिवांगी का इसी नए आवास में स्वागत किया जाएगा।
पैतृक गांव नदवां में भव्य समारोह की तैयारी
दूसरी तरफ, पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में शादी समारोह को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। इस भव्य आयोजन में करीब 4 लाख मेहमानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं।
सीआरपीएफ कमांडेंट के बेटे से तय हुआ है रिश्ता
शिवांगी का विवाह बिहटा निवासी रणविजय सिंह के पुत्र ऋषिकेश कुमार के साथ तय हुआ है। रणविजय सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में कमांडेंट (ग्रेड-1 अधिकारी) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, दूल्हे ऋषिकेश ने अमेरिका से एमबीए की डिग्री हासिल की है और वर्तमान में वे वहीं कार्यरत हैं।
बहू को बेटी से बढ़कर रखने की कही बात
नए घर में प्रवेश के अवसर पर शिवांगी की होने वाली सास आशा देवी ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि परिवार में एक सुसंस्कृत घर की बहू के आगमन से वे बेहद उत्साहित हैं।
आशा देवी के मुताबिक, वे शिवांगी को बहू नहीं बल्कि अपनी दूसरी बेटी की तरह मानेंगी और उसे अपनी बेटी से भी बढ़कर स्नेह व सम्मान देंगी।
यह भी पढ़ें- 30 साल पुरानी दोस्ती के लिए 400 KM का सफर: कौन हैं पप्पू सलमान? जिनके एक बुलावे पर प्रयागराज पहुंचे अनंत सिंह
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।