विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

30 साल पुरानी दोस्ती के लिए 400 KM का सफर: कौन हैं पप्पू सलमान? जिनके एक बुलावे पर प्रयागराज पहुंचे अनंत सिंह

Published: Sat, 07 Nov 2026 01:33 PM (GMT+05:30)

बिहार के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने 30 साल पुरानी दोस्ती निभाने के लिए पटना से प्रयागराज तक 400 किलोमीटर का सफर तय किया।

पप्पू सलमान और विधायक अनंत सिंह। (सोशल मीडिया)

पप्पू सलमान और विधायक अनंत सिंह। (सोशल मीडिया)

HighLights

  1. अनंत सिंह ने 30 साल पुरानी दोस्ती के लिए 400 किमी यात्रा की।

  2. सपा नेता सलमान अहमद के बेटे के वलीमे में हुए शामिल।

  3. घोड़ों के शौक ने गढ़ी थी दोनों की 30 साल पुरानी दोस्ती।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह हाल ही में अपने काफिले के साथ करीब 400 किलोमीटर लंबी सड़क यात्रा तय कर पटना से प्रयागराज पहुंचे।

उनके इस दौरे ने हर किसी का ध्यान खींचा, क्योंकि यह किसी राजनीतिक अभियान के बजाय तीन दशक पुरानी गहरी दोस्ती को निभाने के लिए किया गया निजी सफर था।

सपा नेता के घर वलीमे में हुए शामिल

अनंत सिंह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सलमान अहमद (जिन्हें लोग 'पप्पू मलावां' और खुद अनंत सिंह 'पप्पू सलमान' कहते हैं) के बेटे एहराज की दावत-ए-वलीमा में शरीक होने आए थे।

पप्पू सलमान सपा के स्थापना काल से पार्टी से जुड़े हैं और वर्तमान में प्रयागराज गंगापार के जिला उपाध्यक्ष हैं। सूबेदारगंज स्थित उनके आवास पर आयोजित इस पारिवारिक कार्यक्रम में अनंत सिंह ने शिरकत की और शनिवार की सुबह वे वापस पटना के लिए रवाना हो गए।

बेटी की शादी का दिया न्योता

इस मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने अपने पुराने मित्र को अपनी बेटी शिवांगी सिंह के विवाह समारोह का निमंत्रण पत्र भी सौंपा। शिवांगी का विवाह आगामी 25 नवंबर को तय है।

घोड़ों के शौक ने गढ़ी थी 30 साल पुरानी दोस्ती

दोनों के बीच इस अप्रत्याशित और प्रगाढ़ रिश्ते की बुनियाद करीब 30 वर्ष पूर्व रखी गई थी। दोनों को ही उम्दा नस्ल के घोड़ों का शौक रहा है।

रेसकोर्स और हॉर्स रेसिंग के आयोजनों में साथ जाने के दौरान दोनों की निकटता बढ़ी। पप्पू सलमान भी घोड़ों के बड़े शौकीन हैं और उनके पास आठ बेहतरीन घोड़े हैं, जिनमें से एक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी जाती है।

सड़क मार्ग से शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखा स्वागत

निजी समारोह में शामिल होने निकले अनंत सिंह का सफर रास्ते भर चर्चा का केंद्र बना रहा। जगह-जगह उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया, जिससे यह सफर किसी बड़े रोड शो जैसा प्रतीत हुआ।

वाराणसी के रास्ते में पुलिस से संवाद और स्वागत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विधायक अनंत सिंह ने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- 100 अधिक गाड़ियों के काफिले को देखकर छूटे यूपी प्रशासन के पसीने, अनंत सिंह को बनारस में नहीं मिली एंट्री

यह भी पढ़ें- दोस्ती के लिए 400 किमी का सफर: अनंत सिंह पर रास्‍ते में बरसे फूल, पहनाया चांदी का मुकुट; वाराणसी में क्‍या हुआ?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।