दोस्ती के लिए 400 किमी का सफर: अनंत सिंह पर रास्ते में बरसे फूल, पहनाया चांदी का मुकुट; वाराणसी में क्या हुआ?
मोकामा विधायक अनंत सिंह पटना से प्रयागराज तक 400 किमी की यात्रा पर अपने 30 साल पुराने मित्र पप्पू सलमान ...और पढ़ें

बिहार से यूपी तक जगह-जगह दोस्तों और प्रशंसकों से मिले अनंत सिंह। सौ-इंटरनेट मीडिया
HighLights
अनंत सिंह 400 किमी दूर दोस्त के बेटे के वलीमे में पहुंचे।
रास्ते में जेसीबी से फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया।
वाराणसी में पुलिस ने काफिला रोका, अनंत सिंह ने जाने से मना किया।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की पटना से प्रयागराज तक की यात्रा किसी राजनीतिक रोड शो से कम नहीं रही।
करीब 400 किलोमीटर के सफर में जगह-जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया। कहीं जेसीबी से फूल बरसाए गए तो कहीं चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सबको अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण भी दिया।
हालांकि, वाराणसी में सैकड़ों गाड़ियों के काफिले को पुलिस ने रोक दिया तो अनंत सिंह ने साफ कह दिया- 'इतनी कम गाड़ियों के साथ हम नहीं चलते हैं। अगर अनुमति नहीं मिली तो नहीं जाएंगे।'
शुक्रवार को पटना से प्रयागराज के लिए निकले अनंत सिंह का काफिला बिहटा, आरा, बक्सर, मोहनिया, चंदौली, वाराणसी और औराई समेत कई स्थानों से गुजरा।

रास्ते में समर्थक उनका इंतजार कर रहे थे। आरा में जेसीबी से फूल बरसाकर स्वागत किया गया तो बक्सर में उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया गया।
इस दौरान समर्थकों ने 'ब्रह्मेश्वर मुखिया अमर रहें' और 'छोटे सरकार जिंदाबाद' के नारे भी लगाए। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों के कारण अनंत सिंह निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से प्रयागराज पहुंचे।
वाराणसी में पुलिस ने रोका, पांच गाड़ियों से जाने का दिया विकल्प
धनतेरस के कारण वाराणसी में बाजारों और सड़कों पर यातायात का दबाव था। ऐसे में डाफी इलाके में पुलिस ने अनंत सिंह के सैकड़ों गाड़ियों वाले काफिले को रोक दिया।
प्रशासन की ओर से उन्हें पांच गाड़ियों के साथ आगे जाने की अनुमति देने की बात कही गई। इस पर अनंत सिंह ने कहा कि इतनी कम गाड़ियों के साथ वे नहीं चलते हैं। अनुमति नहीं मिली तो आगे नहीं जाएंगे।
अनंत सिंह का वाराणसी में बीएचयू स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का कार्यक्रम भी था। उनके पहुंचने की सूचना पर लंका पुलिस अलर्ट थी। उनका काफिला प्रयागराज की ओर बढ़ गया।
30 साल पुरानी दोस्ती निभाने पहुंचे थे प्रयागराज
अनंत सिंह की प्रयागराज यात्रा का मकसद अपने पुराने मित्र और सपा नेता पप्पू सलमान के परिवार के निजी समारोह में शामिल होना था।
वह सुबेदारगंज स्थित पप्पू सलमान के आवास पर उनके बेटे एहराज के वलीमे की दावत में पहुंचे। शनिवार सुबह पटना के लिए रवाना हो गए।
इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण भी मित्र को दिया। अनंत सिंह और पप्पू सलमान की दोस्ती करीब 30 साल पुरानी बताई जाती है।
दोनों के बीच घोड़ों के शौक ने दोस्ती की शुरुआत कराई थी। वे घोड़ों की रेस में साथ जाया करते थे। पप्पू सलमान के पास भी आठ घोड़े हैं। इनमें एक घोड़े की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
प्रयागराज पहुंचने के बाद अनंत सिंह ने स्वागत और सम्मान के लिए समर्थकों का आभार जताते हुए सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें साझा कीं।
निजी समारोह में शामिल होने के लिए निकला उनका यह सफर रास्ते में हुए भव्य स्वागत और वाराणसी में पुलिस से हुई बातचीत के कारण चर्चा में आ गया।
यह भी पढ़ें- 100 से अधिक गाड़ियों का काफिला लेकर निकले अनंत सिंह, भोजपुर के बिहिया में JCB से हुई फूलों की बारिश