शिवांगी की शादी में PM से CM तक को न्योता, लेकिन अनंत सिंह खुद सिर्फ एक के घर पहुंचे कार्ड देने
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को है, जिसमें चार लाख मेहमानों और 150 पकवानों की भव्य तैयारी है।

मोकामा विधायक अनंत सिंह और उनकी बेटी शिवांगी सिंह। फाइल
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को।
शादी में चार लाख मेहमान, 150 पकवान और महंगी गाड़ियों के उपहार।
अनंत सिंह को शादी के बाद कानूनी चुनौतियों का सामना करना होगा।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की शहनाइयों की तैयारी है। बेटी शिवांगी सिंह की शादी में अब महज 10 दिन शेष हैं।
25 नवंबर को शिवांगी की शादी आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होनी है। शादी को यादगार बनाने के लिए तैयारियां भी उसी अंदाज में हो रही हैं, जिसके लिए अनंत सिंह जाने जाते हैं।
चार लाख मेहमानों के भोजन से लेकर घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की व्यवस्था की जा रही है। शादी में मेहमानों की खातिरदारी के लिए 150 तरह के पकवान तैयार किए जाएंगे।
आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए भोजन की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। घुड़दौड़ भी शादी के आकर्षणों में शामिल होगी। इसमें जीतने वाले प्रतिभागी को थार गाड़ी इनाम में दी जाएगी।
दामाद को डिफेंडर, छोटे बेटे को बीएमडब्ल्यू
शादी में उपहारों की चर्चा भी कम नहीं है। अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब ढाई करोड़ रुपये की डिफेंडर गाड़ी भेंट करेंगे।
वहीं, छोटे बेटे के लिए 80 लाख रुपये की बीएमडब्ल्यू देने की तैयारी है। घुड़दौड़ के विजेता को थार मिलेगी। यानी शादी में रिश्तों की खुशियों के साथ गाड़ियों की सौगात भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
बेटी के ससुराल बिहटा के कृष्णानगर में भी शादी को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। यहां एक भव्य इमारत तैयार कराई गई है, जहां शादी के बाद शिवांगी के कदम पड़ेंगे।
बेटों के हाथ भिजवाया कार्ड, अनंत सिंह खुद सिर्फ एक के घर पहुंचे
शादी में मेहमानों की सूची भी चर्चा में है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत कई नेताओं के बेटों ने शादी का निमंत्रण कार्ड पहुंचाया है।
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कई चर्चित हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में मेहमानों को आमंत्रण के बावजूद अनंत सिंह ने खुद जाकर केवल एक ही व्यक्ति को शादी का कार्ड दिया।
एक बातचीत में उन्होंने अपने अंदाज में इसकी वजह भी बताई। उन्होंने कहा, 'जो विधानसभा में कुर्सी पर बैठते हैं, उनको कौ ची कहता है।' फिर बताया कि उन्होंने सिर्फ प्रेम कुमार को जाकर कार्ड दिया है।
अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी नेता का घर देखा ही नहीं है, इसलिए किसी को खुद जाकर कार्ड देने नहीं गए। लालू प्रसाद के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनसे न दोस्ती है और न दुश्मनी।
शादी के बाद जेल जाने की तैयारी, दो मामलों में बढ़ी मुश्किल
बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह की राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें भी कम नहीं हैं। विधानसभा सदस्यता समाप्त करने के लिए जारी नोटिस पर उन्हें फिलहाल कुछ राहत मिली है।
नोटिस का जवाब देने के लिए अब 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। अनंत सिंह ने बेटी की शादी का हवाला देते हुए जवाब देने के लिए 45 दिनों का समय मांगा था।
जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग की है। अब शादी के पांच दिन बाद उन्हें इस नोटिस का जवाब देना होगा।
नोटिस का जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय
दूसरी ओर, दुलारचंद हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चार दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। ऐसे में 25 नवंबर को बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह के सामने कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की चुनौती होगी।
एक तरफ बेटी की शादी में चार लाख मेहमानों की दावत, 150 पकवान और महंगी गाड़ियों के उपहार की तैयारी है, तो दूसरी तरफ विधानसभा सदस्यता पर तलवार और आत्मसमर्पण की समयसीमा भी सामने है।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी से पहले चर्चा में रही लालू परिवार की शाही शादी, 125 नेताओं को मिला था इनकम टैक्स का नोटिस
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह ने खेसारी लाल यादव को दिया बेटी की शादी का न्योता, वीडियो कॉल कर कहा- आबो 25 के
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।