9 हत्या के बारे में सुबह बोलकर शाम को पलटे अनंत सिंह, JDU MLA के बयान से गरमाई बिहार की सियासत
जदयू विधायक अनंत सिंह ने नौ हत्याओं से जुड़े अपने बयान पर यू-टर्न लिया, पहले दावा किया कि उन्होंने नीतीश ...और पढ़ें

9 हत्या के बारे में सुबह बोल कर शाम में पलट गए अनंत सिंह
HighLights
अनंत सिंह ने नौ हत्याओं के दावे से पलटा बयान।
नीतीश का साथ देने पर उनके नौ लोगों की हत्या हुई।
बयान पर बिहार में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हुईं।
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) नौ हत्या के बारे में सुबह बोल कर शाम में पलट गए। सुबह से सोशल मीडिया पर उनका दावा प्रसारित हो रहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ रहने के दौरान उन्होंने नौ लोगों की हत्या करवा दी थी, लेकिन तीखी प्रतिक्रिया आई तो अनंत सिंह ने कहा कि उनकी बातों को गलत ढंग से परोसा गया है।
कहना यह चाहते थे कि नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का साथ देने के कारण राजद शासनकाल में उनके नौ लोगों की हत्या कराई गई। उनके हाथ में भी गोली लगी थी। मेरा घर ध्वस्त कर दिया गया था।
अनंत सिंह इन दिनों पटना स्नातक क्षेत्र से जदयू के उम्मीदवार नीरज कुमार के विरोध में प्रचार कर रहे हैं। जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए वोट मांगते हैं।
उन्होंने कहा कि वे संघर्ष के दिनों में भी हमेशा नीतीश कुमार के साथ रहे। जदयू विधायक ने कृषि मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सिन्हा के विधानसभा क्षेत्र के लोग उनका कपड़ा फाड़ देते हैं।
अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के सुशासन के सच को स्वीकार किया है। नौ लोगों की हत्या की स्वीकारोक्ति के बाद पूरे मामले पर स्पष्टीकरण की जरूरत है। मैं इस साहसिक वक्तव्य के लिए अनंद सिंह का अभिवादन करता हूं। न जाने 20 साल में राज्य के कितने निर्दोषों की हत्या की गई। - शक्ति सिंह यादव, मुख्य प्रवक्ता, राजद, बिहार
वहीं, जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार का 50 वर्षों का सार्वजनिक जीवन बेदाग रहा है। उन पर कभी भी अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप नहीं लगा। आम लोग इस तरह के वक्तवयों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। हमारी पार्टी भी इसे संज्ञान लेने लायक नहीं समझती है।
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: निशांत कुमार के प्रचार पर अनंत सिंह ने उठाए सवाल, नीरज कुमार का पलटवार- परमिशन की जरूरत नहीं
