विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7 बार विधायक बने अनंत सिंह अब नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, बेटे की सियासी पारी पर भी दिया संकेत

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:57 AM (IST)

मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने घोषणा की है कि वे अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन लोकसभा चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखा है। उन्होंने अपने बेटे की सियासी पारी पर भी संकेत दिए। 

मोकामा विधायक अनंत सिंंह। फाइल

मोकामा विधायक अनंत सिंंह। फाइल

HighLights

  1. अनंत सिंह ने विधानसभा चुनाव न लड़ने का किया ऐलान।

  2. लोकसभा चुनाव लड़ने का विकल्प रखा है खुला।

  3. बेटे को विधायक बनने के लिए जेल जाने को कहा तैयार।

डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के छोटे सरकार यानी विधायक अनंत सिंह अपनी बेबाकी के लिए पहचाने जाते हैं। एक बार फिर उन्‍होंने बेबाकी से अपनी बातें रखी हैं। 

बेटी की शाही शादी के बाद अब उनके सामने दो तारीखें हैं, 30 नवंबर को विधानसभा की सदस्यता से जुड़े नोटिस का जवाब देना है और चार दिसंबर को पटना कोर्ट में सरेंडर करना है।

लेकिन इन कानूनी चुनौतियों के बीच अनंत सिंह के तेवर में कोई बदलाव नहीं दिख रहा। उनका कहना है कि वे दोनों काम के लिए तैयार हैं। उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है और उम्मीद है कि इस झूठे मुकदमे से उन्हें राहत मिलेगी।

एक न्यूज चैनल से बातचीत में अनंत सिंह ने न सिर्फ अपने मुकदमों और मौजूदा हालात पर बात की, बल्कि अपनी सियासी पारी को लेकर भी दिलचस्प खुलासे किए।

सात बार विधायक बन चुके छोटे सरकार ने साफ कहा कि अब वे विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। हां, लोकसभा चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखा है।

उन्होंने यह भी बताया कि अगर बेटे को मोकामा का विधायक बनने का शौक हुआ तो उसे पहले किस बात के लिए तैयार रहना होगा।

अब विधानसभा चुनाव से तौबा; लोकसभा पर नजर

अनंत सिंह ने कहा कि वे सात बार विधायक बन चुके हैं, लेकिन अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब द‍िया।

कहा कि विधायक का चुनाव जीतने के बाद रहने के लिए जो आवास मिलेगा, वह चिड़ियाघर जैसा होगा। वहां वे खुद भी नहीं जाएंगे।

इसलिए अब विधानसभा चुनाव लड़ने का मन नहीं है। हालांकि, राजनीति से पूरी तरह दूरी बनाने की बात उन्होंने नहीं कही।

अनंत सिंह ने कहा कि अगर मूड हुआ तो लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। यानी विधानसभा चुनाव से दूरी बनाने का फैसला करने वाले छोटे सरकार ने संसद की राजनीति के लिए रास्ता खुला रखा है।

बेटे को मोकामा से चुनाव लड़ना है तो 70 केस के लिए रहना होगा तैयार

अनंत सिंह से जब पूछा गया कि क्या उनके बेटे भी चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब भी अपने अंदाज में दिया।

कहा कि बेटे के साथ बैठकर बात करेंगे। अगर उसका मन मोकामा का विधायक बनने का है तो उसे जेल जाने के लिए तैयार रहना होगा।

उन्होंने कहा कि बेटे को यह भी समझना होगा कि उनकी तरह करीब 70 मुकदमों का सामना करना पड़ सकता है। जिसमें उनकी कोई गलती नहीं है। 

नीतीश कुमार को मानते हैं भगवान, लेकिन उन्हीं की सरकार में हुई दुर्गति

बातचीत में अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को भगवान मानते हैं। क्योंकि उन्होंने बिहार के लिए बहुत काम किया है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हीं की सरकार में उनकी पूरी दुर्गति हुई। 12 साल जेल में रहना पड़ा। ले‍किन बिहार के लिए उन्‍होंने बहुत क‍िया है।

अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश जी को पूरे घटनाक्रम का कोई पता नहीं है। यह पता ही नहीं है कि उनके साथ क्या हुआ।उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार उन्हें पहचानते हैं, लेकिन पूछ द‍िया क‍ि वे कहां रहते हैं।

उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार की ओर से दिए गए फ्लैट में रहते हैं। इसके बावजूद मुख्यमंत्री को उनके मामले की पूरी जानकारी याद नहीं है। पूछा वह फ्लैट कहां है। 

आनंद मोहन को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अनंत सिंह ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं होगा तो सरकार बदलेगी कैसे। जरूरत थी तो निकालकर लाया।    

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह ने अपने ड्राइवर को मारी लात? गमछा लहराते वक्त क्यों भड़के 'छोटे सरकार', वीडियो वायरल

यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के बाद अब अनंत सिंह की विधायकी पर फैसला, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया अगला कदम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।