अनंत सिंह ने अपने ड्राइवर को मारी लात? गमछा लहराते वक्त क्यों भड़के 'छोटे सरकार', वीडियो वायरल
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के दौरान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर अपने ड्राइवर को लात मारते और डांटते दिख रहे हैं। हालांकि, घटना की पूरी वजह स्पष्ट नहीं है।

ड्राइवर को फटकारते अनंत सिंंह। वीडियो ग्रैब
HighLights
अनंत सिंह का ड्राइवर को लात मारने का वीडियो वायरल।
यह घटना बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी के दौरान हुई।
वीडियो में अनंत सिंह ड्राइवर पर नाराजगी व्यक्त करते दिखे।
संवाद सहयोगी, बाढ़। मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी संपन्न होने के बाद भी समारोह से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
अब एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें अनंत सिंह अपनी गाड़ी के चालक को कथित तौर पर लात मारते और फटकार लगाते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि, वीडियो में हुई घटना की पूरी परिस्थितियां और अनंत सिंह के नाराज होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के दौरान अनंत सिंह खुली गाड़ी पर सवार थे।
गमछा लहराते हुए कर रहे थे अभिवादन
वह हाथों में गमछा लेकर उसे लहराते हुए लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर वह चालक पर नाराज होते दिखाई देते हैं।
वायरल वीडियो में वह चालक की ओर पैर उठाते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उसे फटकार भी लगाते दिखते हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, वीडियो के आधार पर यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था। न ही यह पुष्टि हो सकी है कि चालक को वास्तव में चोट लगी या नहीं।
25 नवंबर को हुई थी शिवांगी की शादी
मोकामा के छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को बिहटा के कृष्णानगर निवासी रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार के साथ हुई थी।
शादी समारोह में भव्य भोज, घुड़दौड़ और आकर्षक पंडाल खास आकर्षण रहे। समारोह में बिहार के कई राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के चर्चित चेहरे भी पहुंचे थे।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत कई गणमान्य लोगों ने समारोह में शिरकत की थी। शादी की भव्यता और मेहमानों की मौजूदगी के कारण यह आयोजन बिहार ही नहीं, दूसरे राज्यों में भी चर्चा का विषय बना रहा।
मंगल गीतों के बीच ससुराल में हुआ स्वागत
शादी के बाद शिवांगी सिंह विदा होकर बिहटा के कृष्णानगर स्थित अपने ससुराल पहुंच गई हैं। वहां मंगल गीतों के बीच उनका भव्य स्वागत किया गया। शादी से लेकर विदाई और ससुराल पहुंचने तक की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं।
शाही शादी की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अनंत सिंह का कथित तौर पर चालक को लात मारने वाला वीडियो सामने आ गया। अब यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
यह भी पढ़ें- बेटी की शादी के बाद अब अनंत सिंह की विधायकी पर फैसला, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बताया अगला कदम
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा महंगा, लाइन हाजिर