दामाद को Defender गिफ्ट करने वाले Anant Singh कितने अमीर? हैरान कर देगी पत्नी की नेटवर्थ
जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की भव्य शादी और महंगे तोहफों को लेकर सुर्खियों में हैं। ...और पढ़ें

अनंत सिंह और उनकी बेटी शिवांगी सिंह।
HighLights
बेटी की शादी में दामाद को डिफेंडर, घुड़सवारी विजेता को थार।
विधायक अनंत सिंह और पत्नी की कुल संपत्ति 100 करोड़ से अधिक।
नीलम देवी की संपत्ति पति अनंत सिंह से 25 करोड़ ज्यादा।
डिजिटल डेस्क, पटना। जनता दल यूनाइटेड के विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की ग्रैंड वेडिंग (Anant Singh Daughter Wedding) के आयोजन को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं।
25 नवंबर को उनके पैतृक गांव लदमा (नदवां) में होने वाले इस समारोह में काफी चर्चित और फेमस लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है।
अनंत सिंह की बेटी की शादी की चर्चा महंगे गिफ्ट्स को लेकर भी हो रही है। अनंत सिंह अपने दामाद ऋषिकेश को 2.5 करोड़ की 'डिफेंडर' कार गिफ्ट कर रहे हैं।
इसी के साथ, शादी में एक घुड़सवारी की भी प्रतियोगिता होगी। विजेता को इनाम में Thar गाड़ी मिलेगी। यही कारण है कि अब लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि आखिर अनंत सिंह कितने अमीर हैं?
2025 विधानसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग में दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी (Anant Singh Wife) की साझा संपत्ति 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है।
पत्नी के पास पति से 25 करोड़ रुपये अधिक की दौलत
चुनावी हलफनामे के आंकड़ों पर नजर डालें तो संपत्ति के मामले में नीलम देवी अपने पति से काफी आगे हैं।
अनंत सिंह की कुल संपत्ति: 37.88 करोड़ रुपये (जिसमें 26.66 करोड़ रुपये चल और 11.22 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है)।
नीलम देवी की कुल संपत्ति: 62.72 करोड़ रुपये (जिसमें 13.07 करोड़ रुपये चल और 49.65 करोड़ रुपये अचल संपत्ति शामिल है)।
दोनों की कुल परिसंपत्तियां मिलाकर 100 करोड़ रुपये से अधिक बैठती हैं, जिसमें नीलम देवी के पास अनंत सिंह की तुलना में करीब 25 करोड़ रुपये अधिक की दौलत है।
इनकम का सोर्स और सालाना कमाई में बड़ा उछाल
दंपति ने अपनी आजीविका और कमाई के मुख्य जरियों में कृषि, व्यवसाय और अचल संपत्तियों से आने वाले किराये को दर्शाया है। इसके साथ ही अनंत सिंह को विधानसभा से वेतन और पेंशन भी प्राप्त होती है।
हालांकि, हलफनामे में उनके विशिष्ट व्यापारिक उपक्रमों, कंपनियों या फर्मों का अलग से स्पष्ट ब्योरा नहीं दिया गया है।
आयकर रिटर्न की डिटेल्स:
अनंत सिंह की वार्षिक आय में पिछले एक वर्ष के दौरान छह गुना से अधिक का उछाल आया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां उनकी आय 6.39 लाख रुपये थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 39.66 लाख रुपये दर्ज की गई।
दूसरी ओर, नीलम देवी की आय स्थिर रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में 86.92 लाख रुपये की तुलना में 2024-25 में उनकी आमदनी 88.89 लाख रुपये रही।
लग्जरी गाड़ियां, मवेशी और सोने-चांदी के गहने
हलफनामे के अनुसार, दोनों के पास बड़ी मात्रा में नकदी, आभूषण और महंगे वाहन मौजूद हैं। अनंत सिंह के पास 15.61 लाख रुपये नकद, करीब 15 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण और लगभग 3.23 करोड़ रुपये मूल्य की तीन प्रीमियम एसयूवी हैं। इसके अतिरिक्त उनकी घोषित संपत्तियों में घोड़े और गायें भी दर्ज हैं।
नीलम देवी के पास 34.60 लाख रुपये नकद, 76.61 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवर और करीब 77.62 लाख रुपये मूल्य की तीन गाड़ियां हैं।
बिहार से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक फैला रियल एस्टेट नेटवर्क
पटना के फ्रेजर रोड पर स्थित 15 हजार वर्गफुट में फैली लगभग 10 करोड़ रुपये की 'हसन मंजिल' मुख्य आकर्षण है। इसके अलावा बंदर बगीचा, पाटलिपुत्र, बाढ़ और साउथ कृष्णापुरी में भी उनकी रिहायशी व व्यावसायिक जमीनें और इमारतें हैं।
वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम (सेक्टर-62) में उनका एक व्यावसायिक दफ्तर है, जबकि देश की राजधानी के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश-2 में एक आवासीय फ्लैट भी दर्ज है। इन परिसंपत्तियों से उन्हें नियमित किराया मिलता है।
26 करोड़ रुपये की देनदारियों का भी बोझ
भारी संपत्ति के साथ-साथ परिवार पर वित्तीय देनदारियां भी कम नहीं हैं। दोनों पर कुल मिलाकर 26 करोड़ रुपये का कर्ज है। इसमें अकेले नीलम देवी के नाम पर 23.52 करोड़ रुपये की देनदारी दर्ज है, जिसमें 'राजनंदनी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' से लिया गया 12.82 करोड़ रुपये का बड़ा ऋण भी शामिल है।
वहीं, अनंत सिंह पर 2.48 करोड़ रुपये की देनदारी है, जिसमें से 10 लाख रुपये का कर्ज उन्होंने इसी कंपनी से व्यक्तिगत तौर पर लिया हुआ है।
यह भी पढ़ें- शादी के बाद अमेरिका शिफ्ट होंगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी, स्वागत के लिए बिहटा में बना 2 कट्ठे का मकान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।