अनंत सिंह की बेटी की शादी में सितारों का तड़का: धुरंधर की हीरोइन, सोनू सूद, पवन सिंह समेत जुटेंगे 36 कलाकार
मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को भव्य बनाने में जुटे हैं, जिसमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को आमंत्रित किया जा रहा है।
HighLights
अनंत सिंह की बेटी की शादी की भव्य तैयारी।
मुख्यमंत्री, लालू यादव सहित कई नेता होंगे शामिल।
बॉलीवुड, भोजपुरी सितारे और दुबई मॉडल भी आएंगे।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा से विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी के विवाह समारोह को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटे हुए हैं। विवाह का निमंत्रण पत्र साझा करते हुए उन्होंने बताया कि शादी समारोह में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को आमंत्रित किया जा रहा है।
शादी का न्योता लेकर वे व्यक्तिगत रूप से अपने मित्रों और परिचितों से मिल रहे हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने बेबाकी से कहा कि उनकी बेटी के विवाह में चाहे हिंदुस्तान से लोग आएं या पाकिस्तान से, जहां से भी मेहमान शरीक होना चाहें, उनका दिल से स्वागत है।
शादी में नहीं होता पक्ष-विपक्ष
विवाह समारोह के लिए राजनीतिक गलियारों में खास तैयारियां चल रही हैं। अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम शीर्ष नेताओं को न्योता भेज रहे हैं।
उनकी दिली मंशा है कि इस मांगलिक अवसर पर राजनीति के सभी धड़ों के प्रतिनिधि एक साथ शामिल हों और वर-वधू को अपना आशीर्वाद दें।
बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों का लगेगा जमावड़ा
राजनीतिक हस्तियों के अलावा इस शादी में कला और सिनेमा जगत के जाने-माने चेहरों को भी आमंत्रित किया गया है। विधायक के अनुसार, अभिनेता सोनू सूद धुरंधर फेम आयशा खान, सांसद व गायक मनोज तिवारी, गायक विशाल मिश्रा, लोक गायिका मैथिली ठाकुर, रवि किशन, अभिनेत्री अक्षरा सिंह और गायक-अभिनेता पवन सिंह सहित करीब तीन दर्जन बॉलीवुड व अन्य कलाकार समारोह का हिस्सा बनेंगे। वहीं दुबई से 6 मॉडल आ रहे हैं।
पैतृक गांव में सज रहा भव्य मंडप
विवाह को लेकर विधायक के पैतृक गांव में उत्सव का माहौल है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ के अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं और विवाह के लिए एक विशाल एवं भव्य मंडप तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के स्वागत और व्यवस्थाओं को लेकर गांव में युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।