'अपना घर छोड़कर आ रही है...' शिवांगी को याद कर क्यों छलके अनंत सिंह की होने वाली समधन के आंसू?
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, जिसमें घुड़दौड़ खास आकर्षण होगी ...और पढ़ें

अनंत सिंंह की होनेवाली समधन आशा देवी और बेटी शिवांगी। फाइल
HighLights
अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां, घुड़दौड़ मुख्य आकर्षण।
विजेता को थार, उपविजेता को बाइक-स्कूटी इनाम में।
बहू शिवांगी के स्वागत में सास आशा देवी भावुक दिखीं।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बेटी की शादी में अब दो सप्ताह से भी कम समय बचा है। 25 नवंबर को शादी होने वाली है।
आयोजन में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए अनंत सिंह खुद अपने तीनों बेटों के साथ तैयारियों में जुटे हैं। शादी में होने वाली घुड़दौड़ को लेकर खास उत्साह है।
अनंत सिंह सुबह-शाम घर से करीब एक किलोमीटर दूर मैदान में पहुंचकर घोड़ों की दौड़ का जायजा ले रहे हैं। छठ के दूसरे दिन से बाहरी घोड़ों का पहुंचना शुरू हो जाएगा। उनके ठहरने के लिए घुड़साल भी तैयार की जा रही है।
यानी शादी के आयोजन में घुड़दौड़ खास आकर्षण रहने वाली है। इसमें जीतने वाले को थार और उपविजेता को बाइक, स्कूटी इनाम में दिए जाएंगे।
बहू के स्वागत में तैयार हुआ भव्य मकान
उधर, अनंत सिंह के समधियाना यानी बिहटा के कृष्णानगर में भी शादी की तैयारियां तेज हैं। यहां होनेवाली बहू शिवांगी के स्वागत के लिए भव्य मकान बनाया गया है।
घर में आने वाली नई सदस्य को लेकर परिवार में उत्साह है। खासकर होने वाली सास आशा देवी अपनी बहू को लेकर काफी भावुक हैं।
ऋषिकेश कुमार की मां आशा देवी ने मीडिया से बातचीत में शिवांगी की खूबियां गिनाते हुए कहा कि वह बहुत सुंदर, सुघड़, शिक्षित और संस्कारी हैं।
उन्होंने बताया कि शिवांगी से पहली मुलाकात दिल्ली में हुई थी। पहली बार मिलने पर ही शिवांगी ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उस मुलाकात ने उनके मन में खास जगह बना ली।
'बेटी जैसी हैं शिवांगी, पहली मुलाकात में ही अपना बना लिया'
आशा देवी ने बताया कि पहली मुलाकात के बाद से ही वह अक्सर मोबाइल पर शिवांगी को फोन कर उनका हाल-चाल लेती हैं। उन्होंने कहा, 'वह मुझे बेटी जैसी लगती हैं। ऐसा लगा ही नहीं कि पहली बार मिल रही हूं।'
आशा देवी अपने होने वाले समधी अनंत सिंह से मिलने के लिए भी उत्सुक हैं। उन्होंने बताया कि ऋषिकेश तिलक से एक दिन पहले पटना आएंगे।
शिवांगी के घर आने को लेकर अपनी भावनाएं साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे उनकी अपनी बेटी है, वैसे ही शिवांगी भी उनके लिए हैं। वह उसे बेटी की तरह रखेंगी।
बातचीत के दौरान आशा देवी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि शिवांगी अपना घर छोड़कर उनके परिवार में आ रही हैं, ऐसे में उन्हें अपनी बेटी की याद आ गई।
यह कहते-कहते उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। शादी की तैयारियों के बीच एक मां की यह भावुकता नए रिश्ते को लेकर परिवार के अपनत्व और उत्साह को बयां कर गई।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह से दूसरे लोग डरेंगे, समधन क्यों डरेगी! काले चश्मे पर मजेदार कमेंट का वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- शिवांगी की शादी में PM से CM तक को न्योता, लेकिन अनंत सिंह खुद सिर्फ एक के घर पहुंचे कार्ड देने