अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में कौन-कौन हुआ शामिल? एक खास नाम ने चौंकाया
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को संपन्न हुई, जिसमें लाखों लोग शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की मौजूदगी ने सबको चौंकाया, जबकि जदयू के अन्य बड़े नेताओं ने दूरी बनाए रखी।

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी। (फोटो- सोशल मीडिया) @ashishanand
HighLights
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह की शादी में अप्रत्याशित उपस्थिति।
अनंत सिंह ने 5 लाख लोगों के लिए भव्य आयोजन किया।
शादी समारोह में महाकुंभ जैसा जनसैलाब उमड़ा।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी का समारोह 25 नवंबर को संपन्न हो गया। बीते एक महीने से सुर्खियों में रही इस हाई-प्रोफाइल शादी में लाखों लोग शामिल हुए।
शिवांगी सिंह की ग्रैंड वेंडिंग में कई खास मेहमान भी शामिल हुए। इनमें बीजेपी-जदयू नेता और कई भोजपुरी सेलिब्रिटी भी शामिल हैं। हालांकि, एक नाम है जिससे हर कोई हैरान है।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता ललन सिंह भी वर-वधू को आशीर्वाद देने मोकामा पहुंचे। उनका एक वीडियो भी अनंत सिंह के साथ वायरल हो रहा है।
वीडियो में अनंत और ललन बातचीत करते नजर आ रहे हैं। ललन सिंह पूछते हैं कि क्या-क्या अवॉर्ड और प्रतियोगिता करा रहे हैं। उनके सवाल पर अनंत सिंह जवाब भी देते हैं।
जदयू के बड़े नेताओं ने बनाई दूरी
बता दें कि ललन सिंह के पहुंचने के कई सियासी मायने हैं। जेडीयू की तरफ से कोई और बड़ा चेहरा शामिल नहीं हुआ, लेकिन अनंत को पार्टी से निकाले जाने के बावजूद ललन सिंह बेटी की शादी में शामिल ही हुए।
शिवांगी की शादी में राजनीति और सिनेमा के दिग्गजों का लगा मेला
इस भव्य वैवाहिक समारोह में वीवीआईपी मेहमानों का तांता लगा रहा। केंद्रीय मंत्री और जेडीयू नेता ललन सिंह के अलावा, उत्तर प्रदेश से बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से समारोह स्थल पर पहुंचे।
इसके अलावा बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, रामकृपाल यादव और पवन सिंह भी शादी में वर-वधू को आशीर्वाद देने पहुंचे।
हाथी-घोड़ों के साथ 'छोटे सरकार' का शाही अंदाज
अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी के महाभोज के लिए करीब 5 लाख लोगों के बैठने और खाने का इंतजाम किया था। पूरा पंडाल लोगों से खचाखच भरा हुआ था और वहां तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। हाथी-घोड़ों की मौजूदगी के बीच अनंत सिंह अपने चिर-परिचित शाही अंदाज में नजर आए।
ट्रेन से लेकर ई-रिक्शा तक, महाकुंभ सा दिखा नजारा
दरअसल, अनंत सिंह ने बेटी की शादी के उपलक्ष्य में पूरे बिहार को महाभोज का खुला निमंत्रण दिया था। यही वजह रही कि पटना और मोकामा सहित राज्य के कोने-कोने से लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा।
जिसे जो साधन मिला, वह उसी से निकल पड़ा—कोई हेलीकॉप्टर और लग्जरी कार से पहुंचा, तो कोई ट्रेन, बाइक, साइकिल और ई-रिक्शा के जरिए दावत खाने पहुंचा। समारोह स्थल के बाहर उमड़े इस जनसैलाब को देखकर लोगों को महाकुंभ की भीड़ याद आ गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।