विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नदवां में 151 गाड़ियों के काफिले से पहुंची बारात, 10KM तक लगा लंबा जाम; अनंत सिंह की बेटी की शादी में VIP भी बेबस

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:04 PM (GMT+05:30)Updated: Wed, 25 Nov 2026 11:46 PM (GMT+05:30)

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में उनके पैतृक गांव नदवां में भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे 10 किमी लंबा जाम लग गया और मोबाइल नेटवर्क भी बाधित हुआ।  

बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह और टावर में चढ़ी भीड़। फोटो जागरण

बीजेपी सांसद बृजभूषण सिंह और टावर में चढ़ी भीड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा जनसैलाब।

  2. नदवां गांव में 10 किमी लंबा जाम, मोबाइल नेटवर्क ठप।

  3. वीवीआईपी भी फंसे, घुड़दौड़ प्रतियोगिता रद्द करनी पड़ी।

संवाद सहयोगी, बाढ़। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में बुधवार को उनके पैतृक गांव नदवां में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

सुबह से ही बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी अतिथियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। देर शाम दूल्हा ऋषिकेश बारात लेकर बिहटा से नदवां पहुंचे।

मेहमानों और समर्थकों की भारी भीड़ के कारण बाढ़ के आसपास करीब 10 किलोमीटर से अधिक दूरी तक वाहनों की कतार लग गई।

Anant singh Daughter Marrige

जाम में बाराती समेत आम लोग भी घंटों फंसे रहे। भीड़ का असर मोबाइल नेटवर्क पर भी पड़ा और इलाके में नेटवर्क ठप होने जैसी स्थिति बन गई।

बैठने की जगह नहीं मिली

शादी समारोह के लिए करीब 25 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया गया था। विधायक अनंत सिंह के अनुसार, समारोह में चार लाख से अधिक लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी।

खाना बनाने के लिए 300 से अधिक चूल्हे लगाए गए थे। मेहमानों के लिए सुबह 11 बजे से ही भोजन शुरू कर दिया गया था, लेकिन अचानक उमड़ी भीड़ के कारण भोजन पंडाल में अफरातफरी की स्थिति बन गई।

लोगों को बैठने और भोजन करने में परेशानी हुई। भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ लोग नीचे बिछी दरियों पर ही आराम करने लगे, जबकि कई लोग जयमाला के मंच तक पहुंच गए।

यूपी-बिहार के दिग्गज नेताओं ने किया शिरकत

हेलीकाप्टर से आने वाले अतिथियों के लिए गांव में तीन हेलीपैड बनाए गए थे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री रामकृपाल यादव, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी पहुंचे और नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

Brijbhushan SIngh

उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह भी हेलिकाप्टर से अनंत सिंह के आवास पहुंचे। भीड़ के कारण उन्हें ट्रैक्टर पर सवार होकर आगे जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक्टर पर बैठना पड़ा।

भीड़ के कारण रोकनी पड़ी घुड़दौड़ प्रतियोगिता

शादी समारोह के दौरान आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग जुटे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि आयोजन को बीच में ही रोकना पड़ा।

कुछ दर्शक प्रतियोगिता देखने के लिए बिजली के टावर पर भी चढ़ गए। अब प्रतियोगिता गुरुवार को आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत शानदार कव्वाली से हुई, जिसमें बिहार समेत कई राज्यों से दर्शक और घुड़सवार पहुंचे थे।

समारोह समाप्त होने के बाद लौटने वाले लोगों के कारण सड़कों पर फिर जाम लग गया। लोगों को अपने वाहन खोजने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक नदवां और आसपास के इलाकों में भीड़ और वाहनों की आवाजाही से अफरातफरी का माहौल बना रहा।

विधानसभा अध्यक्ष समेत कई वीवीआइपी घंटों फंसे

नदवां गांव और आसपास की सड़कों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पटना-मोकामा मार्ग सहित समारोह स्थल तक जाने वाली सड़कों पर आठ से 10 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

आम लोगों के साथ वीवीआइपी भी जाम में फंसे रहे। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी जाम में फंस गया।

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को भी समारोह स्थल तक पहुंचने में परेशानी हुई।

जाम के कारण कई लोगों को पैदल और खेतों के रास्ते समारोह स्थल तक पहुंचना पड़ा। भीड़ के दबाव में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी परेशान हुए। कुछ लोगों के पानी और खेतों से होकर गुजरने की भी सूचना है।

देर रात हुआ जयमाला, ऋषिकेश ने शिवांगी को पहनाई वरमाला

शिवांगी और ऋषिकेश का जयमाला कार्यक्रम बुधवार की रात संपन्न हुआ। इस दौरान दूल्हा ऋषिकेश ने दुल्हन शिवांगी को वरमाला पहनाई। जयमाला के अवसर पर समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में मेहमान और अतिथि मौजूद रहे।

वर-वधू की एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्सुकता दिखी। जयमाला के दौरान पूरा समारोह स्थल रोशनी से जगमगाता रहा। इस खास मौके पर परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।

151 गाड़ियों के काफिले के साथ नदवां पहुंची बारात, देखने उमड़ी लोगों की भीड़

बुधवार की देर शाम दूल्हा ऋषिकेश 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचे। बिहटा से निकली बारात में शामिल गाड़ियों का लंबा काफिला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

बारात के गांव पहुंचते ही स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार लगी थी।

बारात को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे। भारी भीड़ के कारण बारातियों को समारोह स्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

शिवांगी की शादी में भोजपुरी कलाकारों ने बांधा समां 

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी के शादी समारोह में भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत के कई चर्चित कलाकार पहुंचे। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए।

उनके गीतों और संगीत पर मेहमान जमकर झूमते नजर आए। समारोह में बड़ी संख्या में जुटे लोगों के बीच भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र बनी रही।

देर रात तक गीत-संगीत का दौर चलता रहा। शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे अतिथियों और समर्थकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह के गांव में भारी भीड़: रेस के लिए 200 घोड़े पहुंचे; पर कैंसिल करनी पड़ी घुड़दौड़, अब कल होगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।