अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में पहुंचे ललन सिंह और बृजभूषण शरण सिंह, घुड़दौड़ देखने टावर पर चढ़े लोग
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज ऋषिकेश कुमार से हो रही है, जिसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह जैसे कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
HighLights
मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी आज।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
शादी में घुड़दौड़ का रोमांच, बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे।
डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को ऋषिकेश कुमार के साथ हो रही है।
पटना के नदवां स्थित विवाह समारोह में मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस खास मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और पूर्व सांसद साधु यादव भी पहुंचे।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नदवां पहुंचकर शिवांगी को आशीर्वाद दिया। उन्होंने नवदंपती के सुखी जीवन की कामना करते हुए कहा कि बेटी की शादी है। वह खुश रहे, आबाद रहे और परिवार में खुशियां बनी रहें।

(घुड़दौड़ देखने के लिए टावर पर चढ़े लोग।)
हेलीकॉप्टर से नदवां पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह
शिवांगी की शादी में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी पहुंचे। वह पटना एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकॉप्टर से नदवां पहुंचे।
वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके पहुंचने के साथ ही समारोह में मौजूद लोगों के बीच उत्साह देखने को मिला।
पूर्व सांसद साधु यादव भी विवाह समारोह में शामिल होने नदवां पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह समाज और बिहार की बेटी की शादी है। इसमें शामिल होकर उन्हें काफी खुशी हो रही है।

घुड़दौड़ देखने के लिए उमड़ी भीड़, बिजली टावर पर चढ़े लोग
शादी समारोह के साथ आयोजित घुड़दौड़ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस चर्चित आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मेहमान पहुंचे हैं।
घुड़दौड़ का रोमांच देखने के लिए कुछ लोग बिजली टावर पर भी चढ़ गए। बड़ी संख्या में लोग सड़क से भी इस रोमांचक मुकाबले का इंतजार कर रहे हैं।
नदवां में शादी को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। आयोजन स्थल पर अनंत सिंह के समर्थन में 'अनंत सिंह जिंदाबाद' के नारे भी गूंज रहे हैं। मेहमानों के आगमन से लेकर घुड़दौड़ तक, हर गतिविधि लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।