विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हमारी ही बिरादरी से हैं अनंत सिंह', एक मंच पर दिखेंगे UP-बिहार के दो 'बाहुबली'; शादी के न्योते पर बोले बृजभूषण

Published: Sun, 15 Nov 2026 10:03 AM (IST)

Anant Singh Daughter Wedding: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी चर्चा में है, जिसमें पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शामिल होंगे।

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह। (फाइल फोटो)

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बृजभूषण शरण सिंह अनंत सिंह की बेटी की शादी में होंगे शामिल।

  2. शादी का भव्य आयोजन नदावां गांव में 25 नवंबर 2026 को।

  3. विदेशी फूलों और विशाल पंडाल से सजेगा समारोह स्थल।

डिजिटल डेस्क, पटना। मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के विवाह समारोह को लेकर इन दिनों सियासी और सामाजिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।

इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस हाई-प्रोफाइल शादी में शिरकत करने की पुष्टि कर दी है।

बृजभूषण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अनंत सिंह ने उन्हें बड़े स्नेह के साथ आमंत्रित किया है और वे इस निमंत्रण को स्वीकार करते हुए समारोह में जरूर शामिल होंगे।

अपनी अनूठी शैली में दोनों नेताओं के बीच के संबंधों को परिभाषित करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि अनंत सिंह उनकी ही 'बिरादरी' से आते हैं।

गौरतलब है कि सामाजिक रूप से अनंत सिंह भूमिहार समुदाय से हैं और बृजभूषण शरण सिंह राजपूत समाज से ताल्लुक रखते हैं, लेकिन पूर्व सांसद का इशारा दोनों की 'बाहुबली' छवि की ओर था।

पैतृक गांव नदावां में सजेगी शाही महफिल

विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी के विवाह को भव्य और यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यह पूरा आयोजन उनके पैतृक गांव नदावां में संपन्न होगा, जहां शिवांगी 25 नवंबर 2026 को ऋषिकेश संग परिणय सूत्र में बंधेंगी।

शादी के निमंत्रण पत्र के अनुसार, मांगलिक कार्यक्रमों का आगाज 20 नवंबर (शुक्रवार) को फलदान और तिलक की रस्म के साथ होगा।

इसके बाद 23 नवंबर (सोमवार) को हल्दी और 24 नवंबर (मंगलवार) को मेहंदी व संगीत की महफिल सजेगी, जिसमें परिवार और बेहद करीबी रिश्तेदार शामिल होंगे। विवाह समारोह 25 नवंबर (बुधवार) को आयोजित किया जाएगा।

विदेशी फूलों से सजावट और कई बीघे में पंडाल

इस शाही शादी में देशभर की नामचीन हस्तियों और वीवीआईपी मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। मेहमानों के भव्य स्वागत और ठहरने के लिए नदावां में कई बीघे जमीन पर विशाल और आलीशान पंडाल तैयार किए जा रहे हैं।

समारोह स्थल की खूबसूरती में चार चांद लगाने के लिए खास तौर पर विदेशों से दुर्लभ और आकर्षक फूल मंगवाए जा रहे हैं, ताकि इस ऐतिहासिक उत्सव की भव्यता देखते ही बने।

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह का रौब समधन के सामने नहीं चला, काले चश्मे पर कर दिया मजेदार कमेंट; वीड‍ियो वायरल

यह भी पढ़ें- 10 बीघे में पंडाल, गगनचुंबी जयमाला स्टेज और शाही रथ: किसी राजघराने से कम नहीं होगी अनंत सिंह की बेटी की शादी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।