विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

6 हेलीपैड; 151 लग्जरी कारें और खाने के लिए मारामारी, विदेशी मीडिया में अनंत की बेटी की 'शाही शादी' की गूंज

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:52 AM (IST)

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी की भव्य शादी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान खींचा, जहां शाही इंतजामों के बीच अव्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की चुनौतियां भी सामने आईं।

विदेशी मीडिया में अनंत की बेटी शिवांगी की 'शाही शादी' की गूंज (सोशल मीडिया)

विदेशी मीडिया में अनंत की बेटी शिवांगी की 'शाही शादी' की गूंज (सोशल मीडिया)

डिजिटल डेस्क, पटना। पटना के मोकाम से विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की ग्रैंड वेडिंग (Anant Singh Daughter Wedding) ने सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया का भी ध्यान खींचा। अंतरराष्ट्रीय मीडिया में शादी को लेकर चर्चा जरूरी हुई, लेकिन शादी में किए गए खर्च को लेकर कई तरह के सवाल भी उठाए गए।

बीबीसी ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया कि जिस राज्य की एक-तिहाई आबादी बहुआयामी गरीबी से जूझ रही है, वहां इस समारोह को 'शाही शादी' का नाम दिया जा रहा है और यह चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अनंत सिंह के एक राजनीतिक विरोधी ने इस आयोजन में खर्च हुई भारी-भरकम राशि के सोर्स की जांच की मांग भी उठाई है।

वहीं, 'द गार्जियन' ने भारत के सबसे गरीब राज्य में चार लाख मेहमानों की मेजबानी, छह हेलीपैड के निर्माण और 500 रसोइयों द्वारा तैयार किए गए भोज का जिक्र किया। 'डेली मेल' ने इसे भारत की चर्चित खर्चीली शादियों के मानकों से भी कहीं अधिक भव्य बताया।

विशाल पंडाल और खुला आमंत्रण

25 नवंबर को शिवांगी और ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के विवाह के लिए 10 बीघा (लगभग 6.2 एकड़) से अधिक जमीन पर जयपुर स्टाइल का भव्य पंडाल और विदेशी फूलों से सजा मंच तैयार किया गया था। बरात में 151 लग्जरी गाड़ियां शामिल हुईं और मेहमानों के आने-जाने के लिए हेलीपैड बनाए गए।

अनंत सिंह ने इस आयोजन के लिए बिहार के अलावा देश के अन्य हिस्सों और यहां तक कि पाकिस्तान तक से लोगों को आमंत्रित किया था। उनका कहना था कि जनता उनके लिए भगवान समान है और जो भी प्रेम से आएगा, उसका स्वागत है; यह कोई सिनेमा नहीं है जहां टिकट लगेगा।

150 से अधिक पकवान, लेकिन प्लेट के लिए मची मारामारी

लाखों की भीड़ की उम्मीद में 500 से ज्यादा हलवाई और 300 से अधिक भट्ठियां लगाई गई थीं, लेकिन भारी जनसैलाब के आगे ये इंतजाम कम पड़ गए। मेन्यू में 150 से अधिक व्यंजन होने के बावजूद मेहमानों के लिए प्लेट हासिल करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया।

सामने आए वीडियो में लोग हवा में उछाली जा रही डिस्पोजल प्लेटों को लपकते दिखे। प्लेट न मिलने पर कई लोगों ने गत्ते, अखबार और यहां तक कि पानी के गिलास में खाना लिया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियों का भी सहारा लेना पड़ा।

कुछ लोग सीधे बर्तनों से पनीर निकालते दिखे, जबकि एक वीडियो में एक व्यक्ति के सब्जी के बड़े बर्तन में गिरने की बात भी सामने आई। एक मेहमान ने इस स्थिति की तुलना युद्ध जीतने से करते हुए कहा कि उनके पहुंचने से पहले ही रसगुल्ले खत्म हो चुके थे।

घुड़दौड़ स्थगित और घंटों लगा महाजाम

समारोह के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से आए 20 से अधिक घोड़ों की दौड़ भी रखी गई थी, जिसमें विजेताओं के लिए थार जीप, मोटरसाइकिल और स्कूटर जैसे इनाम घोषित थे।

हालांकि, रोमांच के चक्कर में दर्शकों के पेड़ों और हाई-टेंशन बिजली के खंभों पर चढ़ जाने के कारण आयोजकों को सुरक्षा के मद्देनजर दौड़ बीच में ही रोकनी पड़ी और फाइनल टालना पड़ा।

इलाके में 8 से 10 किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया, जिसमें आम लोगों के साथ-साथ वीआईपी भी फंस गए। बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला घंटों जाम में खड़ा रहा, जबकि कई मेहमान खेतों के रास्ते पैदल चलकर समारोह स्थल तक पहुंचे।

खुद दूल्हे की लग्जरी कार भी जाम में फंस गई, जिसके बाद दुल्हन के भाइयों ने उन्हें बाहर निकाला और अनंत सिंह की पुरानी खुली जीप से मंच तक पहुंचाया।

वहीं, अनंत सिंह ने अपनी एसयूवी की सनरूफ से बाहर निकलकर समर्थकों की भीड़ के बीच नारंगी गमछा लहराते हुए प्रवेश किया, जो किसी शादी के बजाय एक राजनीतिक रोडशो जैसा नजर आ रहा था।

यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की शादी में वर्दी पहनकर खाना परोसना होमगार्ड जवान को पड़ा महंगा, लाइन हाजिर

यह भी पढ़ें- लाल नहीं, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की मांग में सजा गुलाबी 'भखरा सिंदूर'! क्या है बिहार की इस परंपरा का महत्व

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।