सिविल कोर्ट से नालंदा का सजायाफ्ता कैदी फरार
बेउर जेल से गुरुवार की दोपहर पेशी के लिए पटना सिविल कोर्ट आया सजायाफ्ता कैदी फरार हो गया। ...और पढ़ें

पटना। बेउर जेल से गुरुवार की दोपहर पेशी के लिए पटना सिविल कोर्ट आया सजायाफ्ता कैदी युगेश्वर पासवान (35) फरार हो गया। घटना उस वक्त हुई, जब कोर्ट हाजत से पेशी के लिए कैदियों को निकाला जा रहा था। जब तक पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, वह भाग चुका था। सिटी एसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि कैदी की निगरानी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जिसमें दारोगा अशोक राय व बिरला प्रसाद राय, हवलदार वीरेंद्र यादव और शत्रुघ्न सिंह और कांस्टेबल अंबेडकर चौधरी शामिल हैं।
नालंदा के बेना थानान्तर्गत छितनावां गांव निवासी युगेश्वर पासवान ने हत्या के आरोप में बिहारशरीफ जेल में बंद था। आरोप सिद्ध होने पर उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई। सजा काटने के लिए दो मार्च 2012 को उसे बिहारशरीफ से बेउर जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। पिछले साल विवाद को लेकर उसने बेउर जेल में ही कैद राजमणि की हत्या कर दी थी। इस बाबत बेउर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज है। बताया जाता है कि गुरुवार को उसे पेशी के लिए बेउर जेल से सिविल कोर्ट में लाया गया। यहां उसे कुछ देर के लिए कोर्ट हाजत में रखा गया था। उसके अलावा दो कैदी और थे। पेशी के लिए लेकर जाने से पहले संतरी ने कोर्ट हाजत का ताला खोला। दो कैदियों के साथ उसे भी हथकड़ी लगाई गई। उसी दौरान युगेश्वर हथकड़ी सरका कर फरार हो गया। मालूम हो कि सात मार्च को पीएमसीएच के कैदी वार्ड से कुख्यात सोहन राय और राजेंद्र पासवान फरार हो गए थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।