Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वतंत्रता के सारथी: सात युवाओं की टोली ने बदल दी शहर की तस्वीर, सैदपुर-पहाड़ी नाला के लिए किया संघर्ष

    Updated: Wed, 13 Aug 2025 04:43 PM (IST)

    पटना सिटी में युवाओं के एक समूह (Swatantrata Ke Sarthi) ने सैदपुर-पहाड़ी नाले की सूरत बदलने का बीड़ा उठाया। 2017 में पाटलिपुत्र नगर विकास समिति का गठन किया गया जिसका उद्देश्य जन समस्याओं के लिए आवाज उठाना था। लगातार संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 सितंबर 2023 को 259 करोड़ रुपए की लागत से नाला निर्माण की नींव रखी।

    Hero Image
    अभिव्यक्ति का आधार के लिए : सैदपुर-पहाड़ी नाला की तस्वीर बदलने को सात युवाओं ने खड़ा किया आंदोलन

    अहमद रजा हाशमी, पटना सिटी। इतिहास गवाह है कि युवाओं के आंदोलन ने कई क्रांतिकारी परिवर्तन लाए हैं। नेक नियति और मजबूत इच्छा शक्ति के बूते सात युवाओं की टोली ने घनी आबादी के बीच से गुजरे लगभग 5.8 किलाेमीटर लंबे और साठ मीटर चौड़े सैदपुर-पहाड़ी नाला की सूरत बदलने का बीड़ा उठाया। इस खुले नाला में उत्तर व दक्षिण की खतरनाक सड़क से गिर कर मरते रहे वाहन चालकों एवं लोगों की अनंत खामोशी के साथ इनके परिवार की दर्दनाक चीख से इनके इरादे मजबूत होते रहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्रांतिकारी परिवर्तन की इच्छा लिए इन युवाओं ने 17 जुलाई 2017 को पाटलिपुत्र नगर विकास समिति गठित किया। उद्देश्य जन समस्याओं के लिए आवाज बुलंद करना था, इस कारण हर प्रयास जन आंदोलन बनता गया। कुम्हरार विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अकील हैदर के संरक्षण में समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार बबलू, सचिव मोहम्मद तनवीर खान, मोहम्मद हलीम जाफर, मनोज मेहता, अंजनी कुमार, भुट्टो खान, डॉ. सुशील कुमार की टीम लोगों से संपर्क साधने लगी।

    सैदपुर-पहाड़ी नाला को ढंक कर इस पर सड़क निर्माण कराने की चर्चा को अंजाम तक पहुंचाने की कठिन जिम्मेदारी उठाई। गैर राजनीतिक समिति के बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया। अध्यक्ष ने बताया कि जनजन का लोकप्रिय पत्र दैनिक जागरण जनहित में इस मुद्दे को वर्ष 2005 से ही प्रमुखता से प्रकाशित करता रहा है। पत्र के इस प्रयास से हमारे इरादे और मजबूत हुए।

    लगातार किया संघर्ष

    हस्ताक्षर अभियान, जनसंपर्क अभियान, धरना, प्रदर्शन, मानव शृंखला, मौन प्रदर्शन के साथ ही मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, नगर विकास मंत्री, सांसद, विधायक से लेकर जन प्रतिनिधियों से मिलने का सिलसिला तेज हो गया। समिति के शिष्टमंडल ने मांगों का ज्ञापन हर जिम्मेदार को सौंपा। इसी बीच पूर्व विधायक अकील हैदर के निधन के बाद समिति के संरक्षक अनिल यादव बनाए गए। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और ईमानदारी के साथ जनहित में आंदोलन जारी रहा।

    23 सितंबर 2023 को सुखद नतीजा सामने आया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सैदपुर-पहाड़ी नाला के 259 करोड़ रुपए से निर्माण की नींव रखी। अध्यक्ष ने कहा कि पहाड़ी की ओर से सैदपुर नाला का निर्माण तेजी से शुरू हो गया है। कैबिनेट ने इस नाला को ढंक कर सड़क निर्माण करने पर अपनी मुहर भी लगा दी है।

    जन आंदोलन से एक बड़ी जन समस्या का अंत होगा। राजधानी पटना के लिए इस क्षेत्र में विकास की नई इबारत तहरीर होगी। नाला ढंक कर सड़क बनाने के मुद्दे को लेकर जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप मेहता और उनकी टीम के सदस्य भी आंदोलन करते रहे हैं।