बचपन में मां के साथ घाट जाने की करती थीं जिद, अब पोते-पोतियों संग 25 साल से रख रहीं छठ व्रत
70 वर्षीय चिंता देवी 25 वर्षों से छठ पूजा का व्रत कर रही हैं, जो बचपन की यादों और पारिवारिक परंपरा को जीवित रखती हैं।
HighLights
70 वर्षीय चिंता देवी का 25 वर्षों से छठ व्रत जारी।
बचपन की यादें, मां से बहू तक पहुंची परंपरा।
घाटों की सजावट बदली, उत्साह और आस्था वही।
सोनाली दुबे, पटना। 70 वर्ष की उम्र में भी छठ के प्रति उनका उत्साह वैसा ही है। हाथों में सूप लेकर जब वह सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए घाट पर खड़ी होती हैं, तो बीते कई दशकों की यादें ताजा हो जाती हैं। याद आता है वह बचपन, जब सात-आठ साल की नन्ही बच्ची अपनी मां को छठ करते देखती थीं।
मन में बस एक ही उत्सुकता रहती थी। कब घाट जाएंगे, कब प्रसाद मिलेगा और कब ठेकुआ-लड्डू खाने को मिलेगा। नए कपड़े पहनकर घाट जाने की खुशी अलग होती थी। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने का दृश्य देखने की ललक रहती थी।
मां और घर की दूसरी महिलाओं के साथ घाट जाने की जिद आज भी उन्हें याद है। समय का पहिया घूमा। वही बच्ची अब पिछले 25 वर्षों से स्वयं छठ का व्रत कर रही हैं। आज बेटे, बहू और पोते-पोतियां भी उनके साथ घाट पहुंचते हैं। अर्घ्य के समय परिवार का साथ पाकर बचपन की यादें फिर जीवंत हो उठती हैं।
कभी वह मां के साथ घाट जाने के लिए उत्सुक रहती थीं। आज पोते-पोतियां उनके साथ घाट जाने की जिद करते हैं। परिवार की अगली पीढ़ी को इस परंपरा से जुड़ते देखकर उनकी आंखें भर आती हैं।
चिंता देवी कहती हैं, "अभी कहां थकी हूं। छठी मैया जब तक शक्ति देंगी, तब तक व्रत करती रहूंगी। इसके बाद अपनी बहू को यह जिम्मेदारी सौंप दूंगी, जैसे मेरी सास ने सौंपी थी।"
मां से ससुराल तक पहुंची छठ की परंपरा मायके में उनकी मां छठ करती थीं। बड़ी भाभी मां के साथ मुख्य रूप से पूजा के काम संभालती थीं। सभी महिलाएं पूजा के लिए नदी जाती थीं और लौटते समय छठ के गीत-भजन गाती थीं।
घर में बच्चों का मन खेलकूद में लगा रहता था, लेकिन घाट जाने का समय आते ही सबकी उत्सुकता बढ़ जाती थी। शादी के बाद ससुराल में भी छठ की परंपरा से उनका जुड़ाव बना रहा। वहां उनकी सास छठ करती थीं। बाद में परिवार की बड़ी गोतनी ने व्रत की जिम्मेदारी संभाली।
इसके बाद चिंता देवी वर्षों से लगातार व्रत कर रही हैं। कहती है, छठी मैया शक्ति देती हैं। जब तक शरीर साथ देगा, व्रत करते रहेंगी। परिवार में छठ की परंपरा आगे बढ़ाने की बात पर वह कहती हैं कि जिस तरह उनकी सास ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी, उसी तरह आगे अपनी बहू को भी देंगी।
फिलहाल बहू छठ की तैयारियों में उनका हाथ बंटाती है। घर की साफ-सफाई से लेकर बर्तन धोने और प्रसाद बनाने तक में मदद करती है। चिंता देवी के लिए यह अगली पीढ़ी को छठ की परंपरा से जोड़ने का माध्यम भी है।
वह बताती हैं कि पहले परिवार में कई गोतनी मिलकर छठ करती थीं। सभी के साथ रहने से प्रसाद भी बड़ी मात्रा में बनता था। लड्डू और दूसरे पकवान तैयार करने में घर की कई महिलाएं जुटती थीं।
बदली घाटों की रोशनी, परंपरा का उत्साह वही
समय के साथ छठ की तैयारियों और घाटों का स्वरूप भी बदला है। पहले घाटों पर दीये, मोमबत्ती, पेट्रोमैक्स और लालटेन की रोशनी होती थी। अब एलईडी लाइट, रंगीन झालर, फ्लड लाइट और सजावटी द्वार से घाट जगमगाते हैं।
पहले दीपावली के बाद से ही घरों और गलियों की लिपाई-पुताई तथा सफाई शुरू हो जाती थी। कार्तिक महीने में स्नान और खानपान की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता था। अरवा चावल का भोजन और पूजा की सामग्री को अलग रखने जैसी परंपराएं घरों में सख्ती से निभाई जाती थीं।
सूप-दउरा आज भी छठ की तैयारियों का अहम हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें सजाने और तैयार करने के तरीकों में बदलाव आया है।
यह भी पढ़ें- गोपालगंज की इस मुस्लिम सास-बहू की कहानी जीत लेगी दिल, छठी मैया से मांगी ऐसी मन्नत कि 45 साल से अटूट है आस्था
यह भी पढ़ें- आप भी ‘ठेकुआ’ और ‘खजूरी’ को समझते हैं एक? बिहार की ये डिशेज हैं दिखने में एक जैसी, लेकिन स्वाद में है अंतर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।