Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के 40 में से 32 नवनिर्वाचित सांसद दागी, तो 33 माननीय हैं करोड़पति

    संसद की सीढ़ी चढऩे वाले बिहार के नवनिर्वाचित 40 सांसदों में से 32 के दामन पर दाग लगे हैं। वहीं 33 सांसद करोड़पति हैं। रविवार को एडीआर रिपोर्ट जारी कर दी गई इसकी जानकारी।

    By Rajesh ThakurEdited By: Updated: Mon, 27 May 2019 10:22 PM (IST)
    बिहार के 40 में से 32 नवनिर्वाचित सांसद दागी, तो 33 माननीय हैं करोड़पति

    पटना [श्रवण कुमार]। संसद की सीढ़ी चढऩे वाले बिहार के नवनिर्वाचित 40 सांसदों में से 32 के दामन पर दाग लगे हैं। वहीं 33 सांसद करोड़पति हैं। इनमें से सबसे धनी लोजपा की वीणा देवी हैं। वीणा देवी वैशाली से चुनाव जीती हैं। उन्‍होंने राजद के रघुवंश प्रसाद सिंह काे पराजित किया है। साथ ही, सबसे कम धनी अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह हैं। रविवार को एडीआर रिपोर्ट की जानकारी प्रेस कांफ्रेंस कर बिहार इलेक्शन वॉच के संयोजक राजीव कुमार और अधिवक्ता बीके सिंह ने दी। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में बिहार की 39 सीटों पर एनडीए तथा महज एक सीट पर महागठबंधन ने कब्‍जा जमाया है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    22 सांसदों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज

    रिपोर्ट के अनुसार बिहार में 40 में से 32 सांसद दागी हैं। इनमें से 22 पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रतिशत के लिहाज से बिहार के 82 फीसद सांसदों का रिकार्ड आपराधिक है। 56 प्रतिशत पर गंभीर मामले दर्ज हैं। सांसदों के आपराधिक रिकार्ड का यह ग्राफ 2014 की तुलना में ऊपर जाता हुआ है। 

    2014 में 28 सांसद थे दागी

    2014 में 40 में से 28 सांसद दागी थे। इनमें 18 पर गंभीर मामले दर्ज हुआ करते थे। आपराधिक रिकार्ड का यह आंकड़ा एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स (एडीआर) एवं बिहार इलेक्शन वॉच ने प्रत्याशियों द्वारा नामांकन के दौरान दिए गए शपथ-पत्र के विश्लेषण के बाद जारी किया है। हालांकि, एक सांसद छेदी पासवान के शपथ-पत्र का विश्लेषण नहीं किया जा सका है। 39 सांसदों के शपथ-पत्रों के आधार पर विश्लेषण रिपोर्ट तैयार की गई है। 

    एनडीए के 31 तथा महागठबंधन के एक सांसद

    रिपोर्ट के अनुसार लोजपा और कांग्रेस के शत-प्रतिशत सांसदों का ट्रैक आपराधिक है। लोजपा के सभी छह और कांग्रेस के एकमात्र सांसद पर आपराधिक मामले हैं। हालांकि इनमें गंभीर आपराधिक मुकदमा सिर्फ लोजपा के तीन सांसद पर ही है। जदयू के 13 और भाजपा के 12 सांसदों पर भी मामले दर्ज हैं, पर गंभीर आपराधिक मुकदमा इनमें से जदयू के आठ और भाजपा के 11 पर हैं। 

    ये हैं बेदाग सांसद

    बेदाग बचे जो सांसद हैं, वे हैं- पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र के सांसद रामकृपाल यादव। दोनों ही भाजपा के हैं। इनके अतिरिक्त भाजपा के दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर, सारण सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी पर भी किसी तरह का कोई मामला दर्ज नहीं है। जदयू के गोपालगंज सांसद आलोक सुमन, भागलपुर सांसद अजय मंडल , नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार का दामन भी चकाचक है। 

    83 प्रतिशत नवनिर्वाचित सांसद करोड़पति

    रिपोर्ट में आर्थिक द़ष्टिकोण से भी विश्लेषण किया गया है। जीते सांसदों में 33 अर्थात 83 प्रतिशत करोड़पति हैं। वैशाली की लोजपा सांसद वीणा देवी सबसे धनी हैं। इनकी संपत्ति 33 करोड़ 72 लाख 84 हजार 632 रुपए की है। इनकी देनदारी भी सर्वाधिक 11 करोड़ 20 लाख 89 हजार 220 रुपए है। इनके बाद भाजपा की शिवहर सांसद रमा देवी और मुजफ्फरपुर सांसद अजय निषाद क्रमश: दूसरे व तीसरे नंबर के धनवान प्रत्याशी हैं। सबसे कम संपत्ति वाले अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप कुमार सिंह हैं। इनके पास 50 लाख 10 हजार 577 रुपए की संपत्ति है। 

    इतने हैं पढ़े-लिखे

    जीते 40 सांसदों में दो आठवीं पास, छह 10वीं पास, तीन 12वीं पास, तेरह स्नातक, छह स्नातक प्रोफेशनल, आठ पोस्ट ग्रेजुएट और एक डाक्टरेट हैं।

    लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप