विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नीतीश मेंढ़क, नहीं रहने वाले लालू के साथ : राजनाथ सिंह

By Amit AlokEdited By:
Published: Fri, 02 Oct 2015 06:21 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2015 11:12 AM (IST)

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लालू-नीतीश का महागठबंधन टूट जाएगा। नीतीश मेंढक हैं। वे एक जगह नहीं रह ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण टीम, भागलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लालू-नीतीश का महागठबंधन टूट जाएगा। नीतीश मेंढक हैं। वे एक जगह नहीं रह सकते। लालू से उनके हाथ मिले हैं दिल नहीं। गृहमंत्री शुक्रवार को नवगछिया, जमुई व खगडिय़ा में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश पर सबसे ज्यादा समय तक शासन किया है। इस दौरान अनेक घोषणाएं हुईं। अगर उनमें से आंशिक घोषणाएं भी पूरी हो जातीं तो देश मजबूत हो जाता।

लालू-नीतीश पर निशाना साधते हुए राजनाथ ने भीड़ से पूछा, अमन-चैन है? अस्पतालों में डॉक्टर हैं? स्कूलों में शिक्षक हैं? नीतीश सरकार में बिजली तो होगी। भीड़ से जवाब आया नहीं-नहीं।

राजनाथ ने पूछा - क्या आपको ऐसी ही सरकार चाहिए? हमारी सरकार महागठबंधन की तरह जनता की आंखों में धूल झोंककर नहीं, बल्कि आंखों में आंखें मिलाकर काम करती है। उन्होंने कहा कि अभी बिहार को पहली किस्त का पैकेज दिया गया है। सरकार बनी तो और भी पैकेज दिए जाएंगे।

कहा कि हर पांच वर्षों में जनता याचक बन जाती है। मदद के लिए टकटकी लगाए रहती है। एनडीए की सरकार बनी तो ऐसे हालात बदल दिए जाएंगे और लोगों को स्वावलंबी बनाया जाएगा। भाजपा 'सब का साथ सबका विकास' के तहत कार्य करती है।

राजनाथ ने पड़ोसी देश पाक को भी आड़े हाथ लिया। बोले, सीमा पर पाक बार-बार बदनीयती करता था। इसके बदले में पहले भारत सीमा पर जवानों द्वारा सफेद झंडे (शांति संदेश) दिखाए जाते थे। हमारी सरकार बनी तो मैंने कह दिया हम पहली गोली नहीं चलाएंगे। लेकिन उधर से गोली चली तो फिर गोलियां गिनी नहीं जानी चाहिए।

काला धन पर बोलते हुए गृह मंत्री ने कहा कि हमारी सोच है कि काला धन होना ही नहीं चाहिए। कालाधन को रोकने के लिए जो कठोर कदम उठाया गया है उससे अब तक 2 हजार 7 सौ करोड़ रुपये देश के खजाने में आ गया है।

जंगलराज टू के एक्टर नीतीश तो डायरेक्टर लालू : रविशंकर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लालू-नीतीश बिहार में पीएम नरेंद्र मोदी को रोकने चले थे। रोकते-रोकते खुद हताश हो गए। अब दोनों हताश नेता एक साथ हैं। उन्होंने कहा कि लालू-नीतीश मिलकर जंगलराज-टू लाना चाहते हैं। नीतीश इसके एक्टर और लालू डायरेक्टर हैं।

कहा, अहंकारी नीतीश ने कोसी त्रासदी के समय नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार को दी गई राहत को ठुकरा दिया था। महादलित नेता पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को अपमानित कर हटा दिया। हमारी पार्टी ने उन्हें सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में पैसों की कमी नहीं होगी। अपराध के लिए बदनाम बिहार में अपराधियों की दादागिरी अब समाप्त होगी।