Move to Jagran APP

बिहार में IAS अधिकारियों का तबादला, दीपक कुमार बने बिहार के मुख्य सचिव

दीपक कुमार बिहार के नए मुख्य सचिव बनाए गए हैं और शशि शेखर को नया विकास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही राज्य के कई आइएएस अॉफिसरों का तबादला कर दिया गया है।

By Kajal KumariEdited By: Published: Tue, 29 May 2018 12:01 PM (IST)Updated: Tue, 29 May 2018 09:47 PM (IST)
बिहार में  IAS अधिकारियों का तबादला, दीपक कुमार बने बिहार के मुख्य सचिव
बिहार में IAS अधिकारियों का तबादला, दीपक कुमार बने बिहार के मुख्य सचिव
पटना [जेएनएन]। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1984 बैच के अधिकारी दीपक कुमार को बिहार का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। वहीं 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शशि शेखर शर्मा को विकास आयुक्त पद की जिम्मेदारी दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की। मुख्य सचिव व विकास आयुक्त पद के लिए जारी नई अधिसूचना 31 मई से प्रभावी होगी। इसके अतिरिक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के सात अन्य अफसरों को स्थानांतरित कर दिया है। मगध, दरभंगा व पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त बदले गए हैैं।

वर्तमान मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। वह तीन महीनों के अवधि विस्तार पर चल रहे थे। नए मुख्य सचिव के रूप में अधिसूचित दीपक कुमार वर्तमान में विकास आयुक्त के रूप में पदस्थापित हैैं। उनके पास निगरानी विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है। विकास आयुक्त के रूप में पदस्थापित होने के पूर्व वह दिल्ली में एनएचएआइ के चेयरमैन के रूप में पदस्थापित थे। बिहार में वह स्वास्थ्य महकमे के प्रधान सचिव व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में भी काम कर चुके हैैैं।

विकास आयुक्त के रूप में अधिसूचित शशिशेखर शर्मा 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैैं। वर्तमान में वह बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक हैैं। मंगलवार  को जारी अधिसूचना के अनुसार शर्मा अगले आदेश तक बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।

इसके अतिरिक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के सात अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेवारी दी गई है। अवकाश से लौटे भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1985 बैच के अधिकारी त्रिपुरारी शरण को पर्यावरण एवं वन विभाग के प्रधान सचिव के अतिरिक्त निगरानी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।

अमृत लाल मीणा को पूर्ण रूप से पथ निर्माण  विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वह वर्तमान में इस महकमे के अतिरिक्त प्रभार में थे। इसके अतिरिक्त उन्हें पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। बिहार राज्य पथ  विकास निगम के वह प्रबंध निदेशक भी रहेंगे। विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की प्रधान सचिव अंशुली आर्या को प्रधान सचिव खान एवं भूतत्व विभाग तथा खान आयुक्त बनाया गया है।

पूर्णिया प्रमंडल की आयुक्त के रूप में तैनात टीएन विंधेश्वरी को मगध प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है। बिहार राज्य योजना पर्षद की मुख्य परामर्शी हरजोत कौर बम्हारा को विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। मगध प्रमंडल के आयुक्त जितेंद्र श्रीवास्तव अब लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव होंंगे। उनके पास बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष मयंक बरवड़े को दरभंगा प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है।

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.