ताराकांत झा पंचतत्व में विलीन
पटना : बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति ताराकांत झा सोमवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। पटना के दीघा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके पुत्र कौशल कुमार झा ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पूर्व उनका पार्थिव शरीर बिहार विधान परिषद ले जाया गया, जहां बिहार विधानसभा के अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सुशील कुमार मोदी, महाचंद्र प्रसाद सिंह, संजय मयूख, किरण घई आदि ने पुष्पांजलि अर्पित की। अगला पड़ाव जदयू का प्रदेश कार्यालय था, जहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मंत्री पीके शाही, संजय सिंह आदि ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद ताराकांत झा का पार्थिव शरीर बार काउंसिल ले जाया गया। जहां काउंसिल के अध्यक्ष अखौरी मंगला चरण सहित तमाम अधिवक्ताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी। सुबह 11 बजे से हाईकोर्ट में अवकाश घोषित कर दिया गया। घाट पर जाने से उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया। जहां सुशील कुमार मोदी, नंद किशोर यादव, अश्रि्वनी चौबे, गिरिराज सिंह, नागेन्द्र जी, शिवनारायण, प्रो.सूरज नंदन कुशवाहा, दिलीप जायसवाल, किरण घई, संजय मयूख, प्रेम रंजन पटेल, अशोक भट्ट आदि ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। दीघा घाट पहुंचने पर उन्हें सलामी दी गई। यहां भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सुशील कुमार मोदी, नंद किशोर यादव, गिरिराज सिंह, विजय कुमार चौधरी आदि मौजूद थे। घाट पर न्यायमूर्ति अजय कुमार त्रिपाठी, न्यायमूर्ति मिहिर कुमार झा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी व ताराकांत झा के सैकड़ों शुभचिंतक मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।