बिहार में 11 हजार ने ऑनलाइन बनाया लर्निंग लाइसेंस, पटना को पश्चिम चंपारण ने पछाड़ा
11 हजार 580 लोगों ने ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस हासिल किए हैं। पश्चिमी चंपारण चार हजार 458 लोगों के साथ पहले स्थान पर है। पटना एक हजार 179 लर्निंग लाइसेंस के साथ दूसरे और एक हजार 104 लर्निंग लाइसेंस के साथ सीतामढ़ी जिला तीसरे स्थान पर है। ऑफलाइन माध्यम से भी लाइसेंस बनाए जा रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य में इस साल जनवरी से जून माह के बीच 11 हजार 580 लोगों ने ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस हासिल किए हैं। ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस बनवाने के मामले में पश्चिमी चंपारण चार हजार 458 लोगों के साथ पहले स्थान पर है। पटना एक हजार 179 लर्निंग लाइसेंस के साथ दूसरे और एक हजार 104 लर्निंग लाइसेंस के साथ सीतामढ़ी जिला तीसरे स्थान पर है।
परिवहन विभाग के अनुसार, ऑनलाइन के अलावा ऑफलाइन माध्यम से भी लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। पिछले छह महीने में कुल तीन लाख 52 हजार 519 लोगों ने लर्निंग लाइसेंस लिया है, जिसमें सबसे अधिक 40 हजार एलएल मुजफ्फरपुर जिले के लोगों को निर्गत किया गया है। वहीं, पटना जिले में 22 हजार 365 पुरुष और एक हजार 803 महिलाओं को लर्निंग लाइसेंस जारी किया गया है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, राज्य में बीते छह महीने में कुल दो लाख 92 हजार 942 डीएल निर्गत किए गए हैं। इसमें सार्वधिक मुजफ्फरपुर जिले के कुल 30 हजार 185 लोगों को डीएल प्रदान किया गया है। राजधानी में कुल 16 हजार 218 लोगों को डीएल दिए गए हैं, जिनमें 15 हजार से अधिक पुरुष और एक हजार 134 महिलाएं शामिल हैं।
परिवहन विभाग की ये सेवाएं मिल रहीं ऑनलाइन
परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर वाहन 4.0 साफ्टवेयर से जुड़ीं कुल 21 सेवाएं और सारथी 4.0 साफ्टवेयर की 25 सेवाएं आनलाइन उपलब्ध हैं। इनमें लर्निंग लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, कामर्शियल लाइसेंस का नवीनीकरण, नाम, पता, फोटो, हस्ताक्षर और बायोमेट्रिक्स अपडेट, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण और परमिट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।