Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिसुआ विधानसभा में टिकट की रस्साकशी तेज, कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह का दबदबा बढ़ा

    Updated: Fri, 05 Sep 2025 04:02 PM (IST)

    हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल गर्म है। कांग्रेस में टिकट के लिए खींचतान मची है जहां अखिलेश सिंह का पलड़ा भारी दिख रहा है। वोट अधिकार यात्रा के दौरान उनके शक्ति प्रदर्शन ने पार्टी नेतृत्व का ध्यान खींचा है। वहीं विधायक नीतू सिंह के समर्थक उनके काम को गिना रहे हैं। राजद कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी एक मुद्दा बनी हुई है।

    Hero Image
    हिसुआ विधानसभा में टिकट की रस्साकशी तेज, कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह का दबदबा बढ़ा

    संवाद सूत्र, अकबरपुर (नवादा)। हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों चुनावी चर्चा का पारा चढ़ा हुआ है। वोट अधिकार यात्रा के बाद से ही यहां टिकट को लेकर होड़ मच गई है। कांग्रेस खेमे में स्थानीय विधायक नीतू कुमारी पर सहवास सराय के पूर्व मुखिया व कद्दावर नेता अखिलेश सिंह भारी पड़ते नजर आ रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वोट अधिकार यात्रा के दौरान अखिलेश सिंह अपने साथ सैकड़ों समर्थकों और करीब 50 गाड़ियों के काफिले के साथ पटना पहुंचे थे। राजधानी में इस शक्ति प्रदर्शन ने पार्टी नेतृत्व का ध्यान खींचा।

    मौके पर उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद तारीक अनवर एवं महाराष्ट्र की महिला सांसद प्रीति शिंदे।जो बिहार कांग्रेस कमेटी की सदस्य भी हैं, जिससे मुलाकात की।

    सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात में तारीक अनवर ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग तय होते ही हिसुआ विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के पाले में आया तो अखिलेश सिंह को टिकट दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

    इस संबंध में कांग्रेस नेता ललन सिंह ने कहा कि हिसुआ विधानसभा का माहौल साफ है। कार्यकर्ता अखिलेश सिंह के पक्ष में मजबूती से खड़े हैं। अगर सीट कांग्रेस को मिलती है तो टिकट उन्हीं को मिलना तय है।

    स्थानीय जनता भी अब खुलकर राय देने लगी है। ग्रामिण सुनील यादव मुखिया ने कहा कि अखिलेश सिंह हमारे बीच के नेता हैं। चुनाव लड़ेंगे तो पूरा इलाका उनके साथ खड़ा होगा।

    वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता परमानंद सिंह का कहना है कि उन्होंने हमेशा आम लोगों की आवाज़ उठाई है। टिकट किसी को मिलना चाहिए तो वह सिर्फ अखिलेश सिंह को।

    हालांकि, विधायक नीतू सिंह के समर्थक इस चर्चा को नकारते हुए कहते हैं कि नीतू सिंह का काम हिसुआ में हर कोई देख रहा है। सड़क, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका योगदान गिनाया जा सकता है।

    जनता उनके काम को पसंद करती है, इसलिए टिकट कटने का सवाल ही नहीं उठता। उनके करीबी कार्यकर्ता राकेश कुमार ने कहा कि जिन्होंने जमीन पर काम किया है, असली टिकट का हकदार वही है और नीतू सिंह ने यह साबित किया है।

    इसी बीच, राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा गर्म है कि राजद कार्यकर्ताओं का एक बड़ा वर्ग भी मौजूदा विधायक नीतू सिंह से नाराज चल रहा है।

    कई बार माखर पंचायत में राजद कार्यकर्ताओं और विधायक के बीच कहा-सुनी और विवाद की स्थिति बन चुकी है, जो अब क्षेत्र में सियासी बहस का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है।

    उधर, यह भी चर्चा है कि हिसुआ सीट महागठबंधन के साथी राजद को दी जा सकती है। ऐसे में सियासी समीकरण किस करवट बैठेगा, यह आने वाला वक्त ही बताएगा।

    लेकिन इतना तय है कि हिसुआ विधानसभा कांग्रेस खेमे में आती है तो अखिलेश सिंह और सिंह कुमारी के बीच टिकट की जोरदार खींचतान देखने को मिलेगी।

    comedy show banner
    comedy show banner