पद्मश्री ब्रहमदेव राम पंडित को किया गया सम्मानित
पद्मश्री ब्रह्मदेव ने ग्राम निर्माण मण्डल को निजी तौर पर दिए दस लाख रुपये की आर्थिक अनुदान राशि सं

पद्मश्री ब्रह्मदेव ने ग्राम निर्माण मण्डल को निजी तौर पर दिए दस लाख रुपये की आर्थिक अनुदान राशि
संसू, कौआकोल : प्रखंड के सोखोदेवरा गांव अवस्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण आश्रम परिसर में रविवार को ग्राम निर्माण मण्डल के तत्वाधान में समारोह का आयोजन कर बिहार के लाल व जेपी के सहयोगी रहे पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित कलाकार ब्रह्मदेव राम पंडित को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद बिहार खादी बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अशोक कुमार सिन्हा एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अरविद निषाद का भी ग्राम निर्माण मण्डल के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार एवं प्रधानमंत्री अरविद कुमार द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। कौआकोल प्रखंड के भोरमबाग गांव के मूल निवासी व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित ब्रह्मदेव राम पंडित के सम्मान समारोह में उनके व्यक्तित्व एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण के साथ रहे उनके मधुर संबंधों पर अरविंद कुमार ने विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री अरविद कुमार ने कहा कि पद्मश्री ब्रहमदेव पंडित की संस्था से अभिन्न जुड़ाव रहा है। संस्था से प्रशिक्षण के उपरांत लोकनायक की पहल पर उन्हें कर्नाटक भेजा गया,जहां इन्होंने अपनी लगन और मेहनत के बलबूते मिट्टी से कलाकृति बनाने में महारथ हासिल की। जहां उनकी बनाई कलाकृतियां पूरे देश और विदेश में सराहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कलाकृति के विकास को लेकर पद्मश्री द्वारा मुंबई में कार्यशाला भी चलाया जा रहा है,जहां कई कामगारों को रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है। स्वागत से गदगद पद्मश्री ब्रह्मदेव राम पंडित ने इस सम्मान के लिए उन्होंने संस्था के प्रति आभार जताया और कहा कि इस सम्मान तक पहुंचने में और अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय लोकनायक जयप्रकाश नारायण और ग्राम निर्माण मण्डल सर्वोदय आश्रम सोखोदेवरा को दिया। वहीं उन्होंने संस्था के विकासात्मक कार्यों को देखते हुए तथा संस्था के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने निजी तौर पर दस लाख रुपये अनुदान राशि प्रदान की। जिसके लिए संस्था ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। तथा उन्हें यह भरोसा दिलाया कि संस्था आगे भी इसी तरह लोगों की प्रतिभा को प्रशिक्षण एवं अन्य तरह के सहयोग से आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। मौके पर ग्राम निर्माण मंडल के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार मंडल, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक सह प्रधान डॉ. रंजन कुमार सिंह,डॉ. जयवंत कुमार सिंह समेत ग्राम निर्माण मण्डल एवं कृषि विज्ञान केंद्र के अन्य कर्मी मौजूद थे। इसके पूर्व पद्मश्री पंडित समेत अन्य अतिथियों द्वारा परिसर स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।