विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सऊदी अरब पर हुए हमले में बिहार के अरमान की मौत, 2 महीने पहले गए थे दुबई; अब पार्थिव शरीर का इंतजार

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:40 AM (IST)

सऊदी अरब में हुए एक हमले में नवादा जिले के राईस गांव निवासी मोहम्मद अरमान आलम की मौत हो गई।

घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पिता। फोटो जागरण

घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पिता। फोटो जागरण

HighLights

  1. सऊदी अरब में हमले में नवादा के अरमान आलम की मौत।

  2. 22 वर्षों से सऊदी अरब में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में कार्यरत थे।

  3. परिवार पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का बेसब्री से इंतजार कर रहा।

जागरण टीम, नवादा। सऊदी अरब में हुए हमले में नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के राईस गांव निवासी मोहम्मद अरमान आलम की मौत हो गई। गुरुवार की रात करीब नौ बजे स्वजन को उनकी मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।

जिस बेटे को परिवार का सहारा माना जाता था, उसकी मौत की खबर से वृद्ध पिता मोहम्मद अनवर मलिक बेसुध हो गए। गांव में भी मातम पसर गया है।  स्वजन उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

अरमान पिछले 22 वर्षों से सऊदी अरब में एक ही कंपनी में काम कर रहे थे। वह वहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में कार्यरत थे। दो जुलाई 2026 को अपनी बड़ी बेटी की शादी करने के बाद वह दोबारा काम पर सऊदी अरब लौट गए थे।

रात में मिली मौत की खबर

मृतक के वृद्ध पिता मोहम्मद अनवर मलिक ने रुंधे गले से बताया कि घटना वाले दिन दोपहर में अरमान ने घर पर फोन किया था। परिवार के लोगों से बातचीत भी हुई थी।

किसी को अंदेशा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद उनके निधन की खबर मिलेगी। उन्होंने बताया कि अरमान परिवार के बड़े बेटे थे और पूरे परिवार का सहारा थे।

सऊदी अरब में भाई, पुत्र और दामाद कर रहे इंतजार

पिता अनवर मलिक ने बताया कि उनके छोटे पुत्र अकबर, पोते इश्फाक आलम और दामाद नजामी सऊदी अरब में ही हैं।

वे अरमान के पार्थिव शरीर के मिलने और उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। शव मिलने के बाद उसे राईस गांव लाए जाने की उम्मीद है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बांका: सौतेली मां ने दारोगा बाबू को लाड़-प्यार से पाला था, सचिवालय कर्मी से कराई थी शादी; नवगछिया में कैसे हुई मौत?

यह भी पढ़ें- सिवान ब्लास्ट में 5 की मौत, छठी बच्ची मुस्कान मलबे में दबी; पटना टीम आने की चर्चा पर डीएम का बड़ा बयान