Nawada: बारिश में खेतों में जाना पड़ा भारी... आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, पीछे छोड़ गया दो मासूम बच्चे
Bihar News नवादा में रहने वाला लटन महतो का पुत्र पिंटू कुमार रविवार की सुबह में अपने खेत में गया था। इसी बीच रिमझिम वर्षा शुरू हो गई। वह वर्षा से बचने ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, नारदीगंज (नवादा): थाना क्षेत्र के कहुआरा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। घटना रविवार की सुबह की है।
मृतक की पहचान कहुआरा निवासी लटन महतो के 29 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही स्वजन व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। घर परिवार में मातम छा गया।
स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार वालों को संभाला। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
आकाशीय बिजली की चपेट में आया मृतक
बताया जा रहा है कि लटन महतो का पुत्र पिंटू कुमार रविवार की सुबह में अपने खेत को देखने के लिए गया था। पिंटू खेत में धान की रोपनी के लिए पानी डाल रहा था। इसी बीच रिमझिम वर्षा शुरू हो गई।
वह वर्षा से बचने के लिए कोई जगह ढूंढ ही रहा था कि अचानक आकाशीय बिजली चमककर भूमि पर गिर गई। पिंटू आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जिसकी वजह से उसकी मौत घटनास्थल पर हो गई।
खेत में काम कर रहे आसपास के लोगों की नजर पिंटू पर पड़ी तो वे उसकी तरफ दौड़े। लोगों ने देखा कि युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना उसके स्वजन को दी गई। सूचना मिलते ही स्वजन के साथ काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के दो बच्चे हैं
मृतक की पत्नी खुशबू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे दो बच्चों तीन वर्षीय प्रियांशु कुमार व एक वर्षीय अंकुश कुमार को छोड़ गया है। मृतक भट्ट बिगहा में बीज भंडार का दुकान चलाकर परिजनों का भरण पोषण करता था। पीड़ित परिवार ने डीएम से आपदा प्रबंधन कोष से क्षतिपूर्ति की मांग की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।