Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आज बिहार आएंगे भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, नालंदा के इस खास मंदिर का करेंगे उद्घाटन

    Updated: Wed, 03 Sep 2025 09:19 AM (IST)

    राजगीर में 40 करोड़ की लागत से बने रॉयल भूटानी बौद्ध मंदिर का उद्घाटन 4 सितंबर को होगा। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। यह मंदिर भारत-भूटान मैत्री का प्रतीक है जिसमें भगवान बुद्ध की 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। परिसर में गेस्ट हाउस और रॉयल गार्डन भी हैं।

    Hero Image
    आज बिहार आएंगे भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे

    संवाद सहयोगी, राजगीर (नालंदा)। सर्व धर्म समभाव और अध्यात्म की पावन भूमि राजगीर पर एक नई स्थापना आकार ले चुकी है। यहां लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से रायल भूटानी बौद्ध मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस भव्य मंदिर का उद्घाटन चार सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयुक्त रूप से करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरण रिजिजू, भूटान के राजा के मुख्य बौद्ध भिक्षु जे खेपों, भूटान के राजदूत, कोलकाता स्थित भूटान वाणिज्य दूतावास के काउंसलेट जनरल तथा भारत में भूटान के राजदूत सुधाकर दलेला भी उपस्थित रहेंगे।

    यह मंदिर भारत-भूटान मैत्री का प्रतीक माना जा रहा है। बोधगया के बाद बिहार में यह दूसरा भूटानी बौद्ध मठ है। इस मंदिर के लिए वर्ष 2009 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सरकार की ओर से ढाई एकड़ भूमि दान की थी। 11 नवंबर 2018 को शिलान्यास मुख्यमंत्री ने भूटान की महारानी की उपस्थिति में किया था।

    लगभग 70 फीट ऊंचे इस मंदिर में भगवान बुद्ध की 10 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। बौद्ध धर्म के संस्थापकों में प्रमुख पद्मसंभव (रिनपोछे) और जबदरूंग (संदूम) की प्रतिमाएं भी हैं।

    सभी प्रतिमाएं मिट्टी, रूई और विशेष रसायनों से तैयार की गई हैं, जिनपर प्राकृतिक रंगों और लेप का इस्तेमाल किया गया है। मंदिर के चारों कोनों पर चार संरक्षक राजाओं की प्रतिमाएं हैं, जो बुद्ध के प्रारंभिक अनुयायी थे।

    परिसर में दो गेस्ट हाउस हैं। एक में 52 कमरे और डोरमेट्री है, जबकि वीवीआइपी अतिथियों के लिए बने दूसरे गेस्ट हाउस में 22 कमरे हैं। परिसर में खूबसूरत रायल गार्डन भी है।

    नालंदा विश्वविद्यालय का करेंगे दौरा

    भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग टोबगे राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय का दौरा भी करेंगे। उनके स्वागत के लिए विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है। विश्वविद्यालय प्रबंधन और प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

    कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने बताया कि इस दौरे के क्रम में प्रधानमंत्री विद्यार्थियों और प्राध्यापकों से संवाद करेंगे, जो नालंदा की संवाद और ज्ञान परंपरा का प्रतीक है।

    यह यात्रा भारत-भूटान के सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सशक्त बनाने में सहायक होगी। नालंदा विश्वविद्यालय ज्ञान और मित्रता का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना रहेगा, जो दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।

    इस अवसर पर विश्वविद्यालय में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को भूटान की संस्कृति और परंपराओं के बारे में जानकारी मिलेगी।

    comedy show banner
    comedy show banner