बिहार में आज से सजेगा राजगीर महोत्सव का मंच, बॉलीवुड कलाकार बिखेरेंगे जलवा
राजगीर में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय राजगीर महोत्सव-2026 गुरुवार से शुरू हो रहा है, जिसकी थीम 'वैश्विक पर्यटन की ओर अग्रसर' है।

राजगीर महोत्सव का मंच। फोटो जागरण
HighLights
तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय राजगीर महोत्सव-2026 गुरुवार से शुरू।
मो. इरफान, हर्षदीप कौर जैसे बॉलीवुड कलाकार देंगे प्रस्तुति।
ग्रामश्री, व्यंजन मेले संग पारंपरिक खेल भी होंगे।
संवाद सहयोगी, राजगीर। ऐतिहासिक राजगीर एक बार फिर संगीत, कला और संस्कृति के रंगों में सराबोर होने को तैयार है। गुरुवार से तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय राजगीर महोत्सव-2026 का आगाज होगा।
स्टेट गेस्ट हाउस मैदान में भव्य पंडाल, आकर्षक मंच और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष महोत्सव की थीम वैश्विक पर्यटन की ओर अग्रसर रखी गई है।
तीन दिनों तक बालीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ स्थानीय कला, संस्कृति और परंपरा का संगम देखने को मिलेगा।
पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन गुरुवार की शाम पांच बजे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी करेंगे।
उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास एवं आवास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता करेंगे।
तीनों शाम बालीवुड कलाकारों के नाम
महोत्सव की तीनों शाम संगीत प्रेमियों के लिए खास होंगी। उद्घाटन के बाद छऊ नृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद बालीवुड के सुप्रसिद्ध गायक मो. इरफान अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
शुक्रवार को लोकप्रिय बालीवुड गायिका हर्षदीप कौर अपनी सुरीली आवाज से समां बांधेंगी। वहीं, शनिवार को एमजे-5 डांस ग्रुप और पार्श्व गायिका रिया भट्टाचार्या की प्रस्तुति होगी। तीनों दिन स्थानीय कलाकारों को भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ग्रामश्री मेले में दिखेगी ग्रामीण संस्कृति की झलक
राजगीर महोत्सव के तहत गुरुवार से दो दिसंबर तक विभिन्न मनोरंजक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। ग्रामश्री मेला, महिला महोत्सव, कृषि मेला, पुस्तक मेला, व्यंजन मेला, नुक्कड़ नाटक और आर्ट गैलरी लोगों के आकर्षण का केंद्र होंगे।
ग्रामश्री मेले में विभिन्न क्षेत्रों के हस्तशिल्प, ग्रामीण उत्पादों और पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी के साथ खरीदारी का अवसर मिलेगा।
व्यंजन मेले में स्थानीय खानपान और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लोगों को आकर्षित करेगा। पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों को भी इस बार विशेष जगह दी गई है।
महिला एवं पुरुष वर्ग में दंगल प्रतियोगिता, टांगा रेस, टांगा सज्जा और पालकी सज्जा जैसे आयोजन होंगे। महिला महोत्सव के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा, जागरूकता और सहभागिता को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके लिए अलग पंडाल और मंच तैयार किया गया है। वहीं, स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स के लिए रील मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बेहतर रील बनाने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
9 एलईडी स्क्रीन से दर्शकों को मिलेगी सुविधा
महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थल पर तैयारियों की समीक्षा की है।
दर्शकों की सुविधा के लिए पंडाल के अंदर छह और मैदान में तीन एलईडी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
व्यंजन मेला परिसर में भी अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोग मेले का आनंद लेते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी लुत्फ उठा सकें।
यातायात, पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
महोत्सव में जुटेंगे कई दिग्गज नेता
राजगीर महोत्सव-2026 के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आमंत्रण पत्र के अनुसार, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी उद्घाटनकर्ता एवं मुख्य अतिथि होंगे।
उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव अतिविशिष्ट अतिथि और ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
महोत्सव में नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा बिहार विधानसभा के सदस्य हरिनारायण सिंह, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, कौशल किशोर और सुहेल रंजन भी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- पटना एयरपोर्ट का देशभर में जलवा, यात्री सुविधाओं में संयुक्त दूसरा स्थान; दुनिया में 67वीं रैंक
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर के एसएच-74 और एसएच-86 पर लगेगा टोल सिस्टम, हरियाणा की कंपनी को मिला ठेका