पटना एयरपोर्ट का देशभर में जलवा, यात्री सुविधाओं में संयुक्त दूसरा स्थान; दुनिया में 67वीं रैंक
पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार कर रहा है। यह 2026 की तीसरी तिमाही के ASQ सर्वेक्षण में देश में संयुक्त रूप से दूसरे और विश्व स्तर पर 67वें स्थान पर रहा।

पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
HighLights
पटना एयरपोर्ट ASQ सर्वेक्षण में देश में संयुक्त रूप से दूसरा।
वैश्विक रैंकिंग में 67वां स्थान, पिछली तिमाही से सुधार दर्ज।
यात्री प्रतिक्रिया और सामूहिक प्रयास से मिली यह उपलब्धि।
जागरण संवाददाता, पटना। यात्री सुविधाओं और सेवा गुणवत्ता के मामले में पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) सर्वेक्षण में पटना एयरपोर्ट को पांच में से 4.94 अंक मिले हैं। इस उपलब्धि के साथ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के हवाई अड्डों में पटना को संयुक्त रूप से दूसरा स्थान मिला है। वहीं, विश्व स्तर पर इसकी रैंकिंग 67वीं रही है।
पिछली तिमाही से रैंकिंग में सुधार
पटना एयरपोर्ट के प्रदर्शन में पिछली तिमाही की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में इसे 4.92 अंक मिले थे और विश्व स्तर पर 69वां स्थान प्राप्त हुआ था। तीसरी तिमाही में अंक बढ़कर 4.94 हो गए। इसके साथ ही वैश्विक रैंकिंग में भी दो स्थान का सुधार हुआ है।
यात्रियों की प्रतिक्रिया से तय होती है गुणवत्ता
हवाई अड्डा सेवा गुणवत्ता सर्वेक्षण का संचालन एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआइ) की ओर से किया जाता है। इसमें यात्रियों से सीधे प्रतिक्रिया लेकर हवाई अड्डों पर उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं और उनके अनुभव का आकलन किया जाता है। इस सर्वेक्षण को दुनिया भर के हवाई अड्डों की सेवा गुणवत्ता मापने का प्रमुख मानक माना जाता है।
सामूहिक प्रयास से मिली उपलब्धि
पटना एयरपोर्ट की इस उपलब्धि में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ विमानन कंपनियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ), ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों, दुकानदारों, खानपान संचालकों और साफ-सफाई कर्मियों का योगदान रहा है। हवाई अड्डा प्रबंधन के अनुसार, सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और यात्रियों से मिले सुझावों ने सेवा गुणवत्ता में सुधार को गति दी है।
सुविधाएं और बेहतर करने का संकल्प
एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्री सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और समग्र अनुभव को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया है। प्रबंधन का कहना है कि यात्रियों की जरूरतों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए सेवाओं में लगातार सुधार किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।