मुजफ्फरपुर के एसएच-74 और एसएच-86 पर लगेगा टोल सिस्टम, हरियाणा की कंपनी को मिला ठेका
हरियाणा की एमएस वीएएएएन इंफ्रा प्रा. लि. को मुजफ्फरपुर में एसएच-74 और एसएच-86 सहित नौ स्टेट हाईवे पर टोल सिस्टम लगाने का टेंडर मिला है। यह कार्य 23.97 करोड़ रुपये की लागत से 70 दिनों में पूरा होगा।

मुजफ्फरपुर में एसएच-74 व एसएच-86 पर हरियाणा की एजेंसी लगाएगी टोल सिस्टम (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
हरियाणा की कंपनी को मुजफ्फरपुर टोल सिस्टम का टेंडर।
नौ स्टेट हाईवे पर 23.97 करोड़ में लगेंगे टोल।
70 दिनों में कार्य पूरा, तीन साल रखरखाव।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । सरैया-मोतीपुर रोड (एसएच-86) व वैशाली-अरेराज रोड (एसएच-74) पर टोल सिस्टम लगाने का टेंडर हरियाणा की एमएस वीएएएएन इंफ्रा प्रा. लि. को दिया गया है। मुख्यालय में टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। इसी कंपनी को अन्य सात स्टेट हाईवे का भी टेंडर मिला है।
इसमें मसरख-सीतलपुर रोड (एसएच-73), सिसवन-सीवान रोड (एसएच-89), सरफरा-गुथनी रोड (एसएच-47), बेतिया-अरेराज-सीतामढ़ी रोड (एसएच-54), मांझी-दरौली रोड (एसएच-96), दिघवारा-सेमरी रोड (एसएच-104), बगहा-बाल्मीकिनगर रोड (एसएच-64) शामिल है।
23 करोड़ 97 लाख रुपये में सभी स्टेट हाईवे पर टोल सिस्टम लगाया जाएगा। पथ निर्माण विभाग ने 70 दिनों में काम पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
वहीं, तीन साल तक एजेंसी इसकी देखरेख व मरम्मत का काम करेगी। विदित हो कि टोल वसूली को लेकर दर निर्धारित की जा चुकी है। टोल सिस्टम लगने के बाद टेंडर प्रक्रिया होगी।
कांटी-रघई घाट व पिलखी पुल पर टोल वसूली की दरें तय
कांटी-रघई घाट और सकरा के मैठी-बखरी-पिलखी पुल पर व्यावसायिक वाहनों से टोल वसूली की दरें तय कर दी गई है। पथ निर्माण विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
टोल की वसूली बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड करेगा। इसके तहत कार, जीप अथवा हल्के वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर 1.25 रुपये, हल्के वाणिज्यिक वाहन, मालवाहक अथवा मिनी बस के लिए दो रुपये, तीन धुरी वाले वाणिज्यिक वाहनों के लिए 4.60 रुपये, अर्थ मूवर अथवा बहुधुरीय वाहनों के लिए 6.65 रुपये, सात अथवा अधिक धुरी वाले वाहनों के लिए 8.10 रुपये प्रतिकिमी दर लागू की गई है। अब शीघ्र ही टोल सिस्टम लगाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया की जाएगी।