Bihar News: बिहार के इस गांव ने बढ़ाया प्रदेश का मान, 11 दिसंबर को राजधानी दिल्ली में मिलेगा सम्मान
नालंदा की पारथु पंचायत का चयन आत्म निर्भर पंचायत सम्मान के लिए किया गया है। 11 दिसंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गांव की प्रधान को सम्मानित करेंगी। गांव की मुखिया कुमारी तृप्ति के कुशल नेतृत्व में गांव की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। दो बार अलग-अलग तिथियों में सर्वेक्षण टीम ने गांव में भ्रमण करने के बाद गांव का चयन किया है।
जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। एकंगरसराय के पारथु पंचायत को आत्म निर्भर पंचायत सम्मान के लिए चयनित किया गया है। पंचायत के मुखिया कुमारी तृप्ति को इसी 11 दिसंबर को नई दिल्ली के ज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी।
कुमारी तृप्ति तीसरी बार पारथु पंचायत की मुखिया बनी है। वह वर्ष 2006 से 2016 तक मुखिया रहीं थी। इसके बाद वर्ष 2021 में तीसरी बार पारथु पंचायत की मुखिया चुनी गईं।
मुखिया कुमारी तृप्ति ने बताया कि ग्राम पंचायत में सभी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। आधारभूत संरचना का निर्माण, संसाधनों का उपयोग, स्वच्छता, विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्रों में पीएम पोषण योजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इसके साथ ही महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए सिलाई-कढ़ाई केंद्र आदि का संचालन भी पंचायत में हो रहा है।
पंचायत में उद्देश्यों को पूरा करते हुए हो रहे ये विकास कार्य
- यहां लोक सेवाओं का अधिकार कानून के तहत ग्रामीणों को जाति, आय, आवास प्रमाण पत्र, दाखिल खारिज वाद आवेदन, भू - लगान रसीद आदि की सेवा नियमित मिल रही है।
- गांव की गलियों की पक्की करण में तेजी लाई गई।
- हर घर नल का जल योजनाओं का क्रियान्वयन तेज कर उसे पूरा कराया गया।
- सभी को शुद्ध पेय जल मिले इसे सुनिश्चित किया गया।
- ग्रामीणों को स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं गांव में ही मिल रही है।
पंचायत के गांव बर बिगहा निवासी कृष्ण कुमार कहते हैं कि मुखिया कुमारी तृप्ति के प्रयास से खुली नालियों के ऊपर ढक्कन रखवाया गया है। इससे बीमारियों और मच्छरों के पनपने का अवसर बाधित हुआ।
मुखिया ने शौचालय बनवाने और उसका उपयोग करने के लिए लोगों को प्ररित किया, जिसकी वजह से खुले में शौच पर नियंत्रण हुआ है।
एकंगरसराय प्रखंड के प्रखंड पंचायत राज अधिकारी (बीपीआरओ) सुमन उपाध्याय ने बताया कि बीते तीन वर्षों में पारथु पंचायत में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। पंचायत के सभी गांवों और गलियों में बारहों मासी संपर्क पथ है।
पंचायत सरकार भवन में कार्य सुचारू रूप से चलता है। बीपीआरओ सुमन उपाध्याय ने बताया कि पारथु पंचायत को आत्म निर्भर ग्राम पंचायत चुने जाने की सूचना मिली है।
सुमन उपाध्याय ने बताया कि आत्म निर्भर पंचायत सम्मान के लिए दो बार अलग-अलग तिथियों में सर्वेक्षण टीम ने पंचायत का भ्रमण किया था।
ग्रामीणों से बात की थी और संचालित योजनाओं का सूक्ष्मता से देखा-परखा था। गांव की सभी व्यवस्थाओं के देखने के बाद गांव का चयन इस सम्मान के लिए किया गया है।
जहानाबाद के 3 मुखिया होंगे सम्मानित
11 दिसंबर को जहानाबाद जिला एक बार फिर गौरवान्वित महसूस करेगा। जिले के तीन मुखिया दिल्ली के विज्ञान भवन में सम्मानित होंगे। सबसे बड़ा सम्मान मखदुमपुर प्रखंड क्षेत्र की पुन्हदा पंचायत की मुखिया निभा कुमारी को मिलेगा। इनके अलावा मांदिल पंचायत के मुखिया बबलू कुमार तथा उत्तरसेरथु की मुखिया सरोजा देवी को भी प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
मुखिया निभा कुमारी को दीनदयाल उपाध्याय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस पुरस्कार के लिए देशभर के 27 मुखिया का चयन किया गया है, जिनमें बिहार के तीन मुखिया हैं।
पंचायत में हरेक क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है। निभा कुमारी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पंचायत में स्वच्छता अभियान को भी गति दे रही हैं। पंचायत में अपने बेहतर कार्य की बदौलत वे चुनी गईं।
मांदिल पंचायत के मुखिया बबलू कुमार को दीनदयाल उपाध्याय सम्मान पहले मिल चुका है। आमंत्रण पत्र प्राप्त होने के बाद से तीनों पंचायतों में हर्ष का वातावरण है।
मुखिया निभा कुमारी बताती हैं कि सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से जन-जन तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य रहा है।मैं अपना कार्य ईमानदारी से करती रही हूं। महिलाओं को कुप्रथा से बचाते हुए शिक्षा तथा बेहतर स्वास्थ्य के प्रति सजग करती रहती हूं।
सभी जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, हर घर नल जल, खुले में शौच से मुक्ति समेत अन्य सभी सरकारी कार्यक्रम के प्रति लोगों को जागरूक करना भी मेरी जिम्मेदारी रही है।
ये भी पढ़ें
Bihar News:पुलिसकर्मियों की पोस्टिंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव, ADG की अगुवाई वाली कमेटी लेगी फैसला
Bihar News: बालू घाटों पर दो घंटे भी बंद हुए कैमरे तो नपेंगे बंदोबस्तधारी, चालान भी बंद होगा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।