विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नालंदा की जीविका दीदियों ने उम्र को दी मात, घर संभालने के साथ मैट्रिक परीक्षा में किया कमाल

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:57 AM (GMT+05:30)

नालंदा की जीविका दीदियों ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और उम्र की बाधाओं को पार करते हुए मैट्रिक परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। 

जीविका दीदीओं को संबोधित करते जीविका की डीपीएम। जागरण

जीविका दीदीओं को संबोधित करते जीविका की डीपीएम। जागरण

HighLights

  1. नालंदा की 35 जीविका दीदियों ने मैट्रिक परीक्षा पास की।

  2. पिंकी देवी ने 79.6% अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया।

  3. यह सफलता अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बनी है।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। कभी पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक तंगी के कारण जिन महिलाओं की पढ़ाई अधूरी रह गई थी, उन्होंने उम्र के दूसरे और तीसरे पड़ाव में फिर से किताबों से नाता जोड़ा।

घर-परिवार की जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई के लिए समय निकाला और मैट्रिक की परीक्षा पास कर सफलता की नई इबारत लिख दी।

बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई), पटना की ओर से आयोजित मैट्रिक परीक्षा में नालंदा की जीविका दीदियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

जिले की 35 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। इनमें 18 महिलाएं प्रथम और 17 द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुई हैं।

परवलपुर प्रखंड की पिंकी देवी ने 500 में 398 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उन्हें 79.6 प्रतिशत अंक मिले।

वहीं, बिहारशरीफ की निभा कुमारी 358 अंक (71.6 प्रतिशत) के साथ दूसरे और अनार देवी 340 अंक (68 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहीं।

35 परीक्षा में शामिल, सभी सफल

जिले में कुल 48 अभ्यर्थियों का रिकार्ड दर्ज है। इनमें 35 महिलाएं परीक्षा में शामिल हुईं और सभी सफल रहीं, जबकि 13 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकीं।

अन्य सफल अभ्यर्थियों में सिलाव की नवीन कुमार ने 344 और बिहारशरीफ की तनुजा कुमारी ने 339 अंक प्राप्त किए।

बिहारशरीफ, परवलपुर, सिलाव, अस्थावां, हरनौत, राजगीर, गिरियक, नूरसराय, थरथरी और बेन प्रखंड की जीविका दीदियों ने भी सफलता का परचम लहराया है।

जिम्मेदारियों के बीच फिर शुरू की पढ़ाई

बचपन में पारिवारिक जिम्मेदारियों, आर्थिक तंगी और अन्य परिस्थितियों के कारण इन महिलाओं की पढ़ाई बीच में ही छूट गई थी। घर-परिवार संभालने में उन्होंने अपनी शिक्षा के सपने को पीछे छोड़ दिया था।

जीविका से जुड़ने के बाद उन्हें दोबारा पढ़ाई करने का अवसर मिला। इसके बाद उम्र की परवाह किए बिना उन्होंने किताबें उठाईं और मैट्रिक की परीक्षा पास कर अपनी प्रतिभा साबित की। उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की दूसरी महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

मुक्त विद्यालयी व्यवस्था से मिला अवसर

इन अभ्यर्थियों की मैट्रिक परीक्षा बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड (बीबीओएसई), पटना की ओर से आयोजित की जाती है। यह बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की नियमित मैट्रिक परीक्षा से अलग मुक्त विद्यालयी व्यवस्था है।

इसमें अभ्यर्थी पांच या छह विषयों का चयन कर परीक्षा दे सकती हैं। प्रत्येक विषय 100 अंकों का होता है। उत्तीर्ण होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 30 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।

अगली परीक्षा में 400 दीदियों को शामिल कराने का लक्ष्य

जीविका के डीपीएम संजय प्रसाद पासवान ने बताया कि वर्ष 2026-27 में जिले की 400 जीविका दीदियों को मैट्रिक परीक्षा में शामिल कराने के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके लिए प्रखंड स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों के निबंधन की प्रक्रिया भी पूरी की गई है। पढ़ाई में सहयोग के लिए आनलाइन कक्षाओं, दीदी की लाइब्रेरी समेत अन्य माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है।

उद्देश्य है कि अधिक से अधिक जीविका दीदियां शिक्षा से जुड़ें और मैट्रिक की परीक्षा में सफलता हासिल करें।

यह भी पढ़ें- बच्चों से धुलवाई जा रही थाली, रजिस्टर में फर्जी अटेंडेंस; कैमूर के सरकारी स्कूल में मिली भारी अनियमितताएं  

यह भी पढ़ें- बेगूसराय में पक्के घर का सपना होगा साकार, 33354 परिवारों के खाते में आएगी PM आवास योजना की पहली किस्त 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।