बच्चों से धुलवाई जा रही थाली, रजिस्टर में फर्जी अटेंडेंस; कैमूर के सरकारी स्कूल में मिली भारी अनियमितताएं
कैमूर के रामगढ़ स्थित सरकारी स्कूल में बच्चों से थाली धुलवाने, फर्जी उपस्थिति और मध्याह्न भोजन में अनियमितताओं का खुलासा हुआ है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह के साथ शिक्षक। फोटो जागरण
HighLights
बच्चों से मध्याह्न भोजन के बाद थाली धुलवाई जाती है।
रजिस्टर में फर्जी उपस्थिति दर्ज, वास्तविक उपस्थिति काफी कम।
प्रधानाध्यापक अनुपस्थित, शिक्षक मोबाइल चलाते पाए गए।
संवाद सूत्र, रामगढ़। रामगढ़ के कलानी विद्यालय में एमडीएम चखने के बाद बच्चों से थाली धुलवाई जाती है। यह मामला सुन जांच में पहुंचे प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह हैरान हो गए।
उन्होंने कहा कि हम तो जानते थे कलानी विद्यालय में पठन पाठन में सुधार हुआ होगा, लेकिन हालत इतनी बदतर है कि 24 प्रतिशत ही बच्चे स्कूल में शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते है।
बच्चों से शिक्षकों का बर्ताव भी यहां अच्छा नहीं है। क्लास में पठन पाठन के नाम पर यहां दर्जन भर शिक्षक हैं। लेकिन ये लोग अपनी उपस्थिति के लिए कार्य करते हैं।
11:40 बजे विद्यालय जब पहुंचे तो यहां क्लास खाली होने से बच्चे शोरगुल कर रहे थे। शिक्षिकाएं कार्यालय में बैठकर मोबाइल चला रही थी। जो हैरान करने वाली बात है।
रजिस्टर में मिली गड़बड़ी
जांच के क्रम में पाया गया कि विद्यालय में कुल नामांकित बच्चों की संख्या 322 है। उपस्थिति पंजी में दर्ज 118 थी, जबकि भौतिक उपस्थिति 54 पाई गई।
64 बच्चों का अंतर इस विद्यालय में पाया गया। यह अंतर औसत पाया गया। जो भारी अनियमितता का मामला बन रहा है।
बच्चों को नहीं मिलता भरपेट भोजन
बीईओ ने कहा कि अधिकतर एचएम जांच के दौरान यह कहते हैं कि मध्याह्न भोजन के बाद बच्चे भाग जाते हैं, लेकिन यहां तो मध्याह्न भोजन शुरू होने से पूर्व की स्थिति पाई गई है।
बच्चों को न तो अंडा दिया जाता और न ही उन्हें भरपेट भोजन। यहां तक के केला भी दो टुकड़े करके दिया जाता है।
बीईओ ने बताया कि प्रधानाध्यापक उपेंद्र राम व कुछ शिक्षिकाओं द्वारा मध्याह्न भोजन की शिकायत नहीं करने के लिए बच्चों को डराया धमकाया जाता है, जो गहरे षडयंत्र की ओर इशारा कर रहा है।
बीईओ राजेश कुमार सिंह ने यह भी बताया कि एचएम की मौजूदगी में बच्चों ने बताया कि प्रधानाध्यापक कभी कभार ही आते हैं।
उनकी जगह विद्यालय का संचालन चंद्रभूषण कुमार के द्वारा किया जाता है। इन सारी कुव्यवस्था को देख बीईओ राजेश कुमार सिंह ने एचएम समेत पांच शिक्षक शिक्षिकाओं से 18 बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा है।
यह भी पढ़ें- पटना के सरकारी स्कूलों में शुरू हुई AI की पढ़ाई, प्रोजेक्ट मेधा से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर