विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नालंदा जिले की इस सीट पर अपने परिवार को सेट करने में लगे नेता, JDU किस पर लगाएगी दांव?

Published: Tue, 02 Sep 2025 03:53 PM (IST)

नालंदा के हरनौत विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। विधायक हरिनारायण सिंह अपने बेटे अनिल कुमार जबकि विधान ...और पढ़ें

नालंदा जिले की इस सीट पर अपने परिवार को सेट करने में लगे नेता
नालंदा जिले की इस सीट पर अपने परिवार को सेट करने में लगे नेता

राकेश कुमार वीरेंद्र, हरनौत (नालंदा)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खास प्रभाव वाले हरनौत विधानसभा क्षेत्र के जद(यू) विधायक हरिनारायण सिंह अपने पुत्र अनिल कुमार को जद(यू) के टिकट पर चुनाव लड़वाने का दांव चल दिया है। वहीं, विधान पार्षद सह जद(यू) में मुख्य सचेतक संजय सिंह उर्फ गांधी जी हरनौत से पत्नी डा. पूनम सिंह के लिए दांव आजमा रहे हैं।

मुख्य मंत्री नीतीश कुमार का पैतृक गांव कल्याण बिगहा हरनौत प्रखंड क्षेत्र में आता है। विधायक हरिनारायण सिंह इस वर्ष की शुरुआत में ही पार्टी की पंचायत स्तरीय बूथ कमेटी की बैठकों में कह चुके हैं कि इस बार वे विधान सभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं होंगे।

यह निर्णय उनकी पार्टी या पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का नहीं, व्यक्तिगत है। लगभग 85 वर्ष के हो चुके विधायक हरिनारायण सिंह चुनाव नहीं लड़ने के निर्णय के पीछे का कारण अधिक उम्र बता रहे हैं, लेकिन वे अपने पुत्र अनिल कुमार को चुनाव लड़वाने का दांव आजमा रहे हैं। पुत्र को राजनीतिक विरासत सौंपने की तैयारी है।

वो कहते हैं, अनिल कुमार ही विधान सभा क्षेत्र में कई वर्षों से सक्रिय है। दावा करते हैं कि पार्टी नेतृत्व का इशारा अनिल कुमार को जद(यू) का टिकट देने की ओर है। अनिल कुमार जिला जद(यू) में उपाध्यक्ष हैं।

दूसरी ओर, विधान पार्षद संजय सिंह की पत्नी डा. पूनम सिंह लगभग डेढ़ वर्ष से हरनौत में सक्रिय हैं। इन्होंने दो बार से ठंड में कम्बल बांट कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अब जद(यू) से टिकट की उम्मीद लिए बैठी हैं।

विधान पार्षद सह जद(यू) के मुख्य सचेतक संजय सिंह पत्नी को पार्टी का टिकट दिलाने की जुगत भिड़ा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में शीर्ष नेतृत्व के पास क्षेत्र के कुछ लोगों के माध्यम से बात पहुंचाई गई है।

टिकट पाने के लिए डॉ. पूनम सिंह पोस्टर चिपका और भ्रमण कर स्वयं को संभावित उम्मीदवार के तौर पर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहीं हैं।

वनगच्छा निवासी रोहित कुमार ने बताया कि संजय सिंह बिहार विधान परिषद के सभापति रहे देवशरण प्रसाद और उनके पुत्र केंद्रीय मंत्री रहे धर्मवीर सिन्हा की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाए।

संजय सिंह देवशरण प्रसाद के पौत्र और धर्मवीर सिन्हा के भतीजे हैं। वे मूल रूप से आरा के रहने वाले हैं। लेकिन हरनौत के वनगच्छा (तेलमर) में ननिहाल में संपत्ति हाथ लगी है।

नौ बार विधायक चुने गए हरिनारायण सिंह

1977 - जनता पार्टी

1983 -- जनता पार्टी (उप- चुनाव)

1990 -- जनता दल

2000 -- समता पार्टी

2005 -- अब तक, जेडी(यू)

2010 -- हरनौत से लगातार निर्वाचित (चंडी विस क्षेत्र विलोपित)

हरनौत से अबतक चुने गए विधायक

1977 -- भोला प्रसाद सिंह (स्वतंत्र)

1980 -- अरुण सिंह (स्वतंत्र)

1985 नीतीश कुमार (लोकदल)

1990 ब्रजनंदन यादव (स्वतंत्र)

1995 -- नीतीश कुमार (समता पार्टी)

1996 -- अरुण सिंह (समता पार्टी, उपचुनाव , नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद )

2000 -- विश्वमोहन चौधरी - समता पार्टी

2005 - ई. सुनील कुमार (दो बार) - जद(यू)

2010 - हरिनारायण सिंह - जेडी(यू) - लगातार

तीन बार विधान पार्षद बनाए गए संजय सिंह उर्फ गांधी जी

10 मई - 2006 से 9 मई - 2012

24 मई-2014 से 23-मई- 2020

17 मार्च -2021 से - अबतक

राज्य परिषद सदस्य रहे - 10 जुलाई - 2013 से 9 मई 2014 तक

हरनौत विस क्षेत्र एक नजर में

कुल मतदाता -- 320948

पुरुष मतदाता -- 168202

महिला मतदाता --152740

मंगलामुखी - 06

प्रखंड : तीन ( हरनौत, चंडी और नगरनौसा)

पंचायत : 40

मतदान केंद्र : 401

सड़क संपर्कता : एनएच - 30- ए, तीनों प्रखंडों से गुजरता है

2020 चुनाव में प्राप्त मत

हरिनारायण सिंह (विजेता) जद(यू) - 65404 - 41.58 %

ममता देवी (एलजेपी) - 38163 - 29.28 %

कुंदन कुमार (कांग्रेस) - 21144 - 13.44 %

कौशल सिंह यादव (बसपा) - 6846 -- 3.5 %

कुल उम्मीदवार - 24

पांच सौ से कम मत पाने वाले - चार

पांच सौ से एक हजार के बीच मत पाने वाले- चार