बिहारशरीफ में लाशें मिलने से हड़कंप: राजा चौधरी की हत्या, तो जितेंद्र की मौत पर आत्महत्या की आशंका
नालंदा के सरबहदी गांव में एक युवक राजा चौधरी का शव पोखर में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है शरीर पर चाकू के निशान पाए गए हैं। पुलिस जांच कर रही है। वहीं वेना थाना क्षेत्र में एक अन्य व्यक्ति जितेंद्र कुमार वर्मा का शव पईन किनारे मिला जो मानसिक तनाव से जूझ रहा था। पुलिस दोनों मामलों की पड़ताल कर रही है।

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित पोखर से एक युवक का शव बरामद हुआ।
मरने वाला युवक सरबहदी निवासी राजा चौधरी (28) है। वह शुक्रवार शाम से लापता था। स्वजन के अनुसार राजा चौधरी शुक्रवार शाम घर से खाना खाने के बाद ताश खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में उसका शव देखा और तत्काल इसकी सूचना परिवार को दी। मृतक के चचेरे भाई भोला चौधरी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने राजा की बेरहमी से हत्या की है। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से गोदने के निशान मिले हैं। हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटनास्थल से ताश के पत्ते भी मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मौके से एक गमछा भी बरामद हुआ है, जिसमें कुछ पैसे मिले है। आशंका व्यक्त की जा रही है जुआ खेलने में आपस में विवाद हुआ होगा, जिसके बाद बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है।
एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज कर स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
युवक की डूबने से मौत, घरेलू कलह में छोड़ी थी नौकरी
वहीं वेना थाना क्षेत्र के बेसवक निवासी 38 वर्षीय जितेंद्र कुमार वर्मा का शव शनिवार सुबह सुपासंग के निकट पईन किनारे मिला। वे शुक्रवार शाम घर से निकले थे।
स्वजन के अनुसार, घरेलू कलह के कारण जितेंद्र का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। उनकी पत्नी दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी, वह फिर नहीं लौटी।
दो वर्ष पूर्व जितेंद्र ने रेलवे की चतुर्थ वर्गीय नौकरी छोड़ी थी। वेना थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।