मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर BJP कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हंगामा, महिला नेता ने उठा ली चप्पल
बिहारशरीफ में भाजपा कार्यालय में सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रज्ञा भारती ने एक कार्यकर्ता से बहस के दौरान चप्पल उठा ली जिससे विवाद बढ़ गया। कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि प्रदेश नेतृत्व से मार्गदर्शन लिया जा रहा है।
जागरण संवादादाता, बिहारशरीफ। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों के कार्यकाल को लेकर बिहारशरीफ स्थित भाजपा कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष सह बुडको निदेशक डॉ. सियाराम सिंह उपस्थित रहे।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान एक अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई जब भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रज्ञा भारती ने पार्टी के ही एक कार्यकर्ता से बहस के दौरान चप्पल उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान किसी मामूली बात को लेकर महिला जिलाध्यक्ष और एक कार्यकर्ता के बीच बहस हो गई। कार्यकर्ता दो कुर्सी पीछे बैठा था। बहस इस कदर बढ़ गई कि प्रज्ञा भारती ने गुस्से में चप्पल उठाकर मारने की कोशिश की।
हालात बिगड़ते देख स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और महिला ने अपना चप्पल नीचे रखा। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने नालंदा जिला भाजपा की आंतरिक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि पंखे को लेकर विवाद हुआ था। स्थिति को तत्काल संभाल लिया गया। लेकिन जो भी हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी इस मामले में प्रदेश नेतृत्व से मार्गदर्शन ले रही है।
इस घटना ने पार्टी की कार्यशैली और अनुशासन पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं, खासकर जब यह सब कुछ पार्टी के भीतरी कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से हुआ हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।